लखनऊ। आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन शायद किसी बड़े हादसे या पूरी पीढ़ी के गर्त में जाने का इंतजार कर रहे हैं। विकास नगर थाना क्षेत्र के कुर्सी रोड पर स्थित महावीर स्कूल के ठीक सामने चल रहे शराब के ठेके पर नियमों की धज्जियां उड़ाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्कूल के ठीक सामने खुलेआम नाबालिक बच्चों को शराब बेची जा रही है, और जब जनता इसका विरोध करती है, तो दुकानदार का रवैया ऐसा होता है मानो कानून उसकी जेब में हो।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे बेखौफ होकर एक नाबालिक युवक को बोतल थमाई जा रही है।
जब स्थानीय लोगों ने नाबालिक को शराब देने पर आपत्ति जताई, तो दुकानदार सुधरने के बजाय सीधे पब्लिक से भिड़ गया। वीडियो में दुकानदार खुलेआम अपशब्दों और गाली-गलौज का इस्तेमाल करता सुनाई दे रहा है।
नियम कहते हैं कि शिक्षण संस्थानों के पास शराब की दुकानें नहीं हो सकतीं, लेकिन महावीर स्कूल के ठीक सामने यह ठेका धड़ल्ले से चल रहा है। क्या आबकारी विभाग को यह स्कूल दिखाई नहीं देता ? श्18 वर्ष से कम उम्र के व्यक्ति को शराब बेचना अपराध हैश् का बोर्ड दुकानों पर महज दिखावे के लिए लटका है। चंद रुपयों के मुनाफे के लिए बच्चों का भविष्य गर्त में धकेला जा रहा है। विकास नगर थाना क्षेत्र में खुलेआम चल रहे इस खेल से साफ है कि स्थानीय पुलिस और आबकारी निरीक्षकों की गश्त केवल कागजों तक सीमित है।
अगर स्कूल के सामने बैठकर नाबालिकों को शराब परोसी जाएगी और विरोध करने पर गुंडागर्दी की जाएगी, तो फिर कानून-व्यवस्था का वजूद ही क्या रह जाता है ? देखना यह है कि इस वायरल वीडियो के बाद आबकारी विभाग और विकास नगर पुलिस कोई सख्त कार्रवाई करती है या फिर लीपापोती करके फाइल बंद कर दी जाती है।
