मेरठ/मवाना। अक्टूबर माह में प्रस्तावित विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान को लेकर सोमवार को नगर पालिका परिषद मवाना कार्यालय में संवेदीकरण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष अखिल कुमार कौशिक ने की। बैठक में संचारी रोगों और दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नागरिकों को जागरूक करने के साथ-साथ साफ-सफाई और जलभराव रोकने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में अधिशासी अधिकारी कृष्ण कान्त मिश्रा ने संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए कहा कि मच्छरों से होने वाले रोगों की रोकथाम के लिए लोगों को अपने घरों और आसपास विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दरवाजों और खिड़कियों पर जाली लगवाने के साथ नियमित रूप से मच्छरदानी का प्रयोग किया जाए और मच्छररोधी उपाय अपनाए जाएं।
उन्होंने नागरिकों से अनुपयोगी वस्तुओं में पानी जमा नहीं होने देने, पानी की टंकियों को पूरी तरह ढककर रखने तथा घर और कार्यस्थल के आसपास साफ-सफाई रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि खाने से पहले साबुन से हाथ धोने की आदत अपनाई जाए और खुले में शौच से बचते हुए नियमित रूप से शौचालय का प्रयोग किया जाए। कुपोषित बच्चों पर विशेष ध्यान देने तथा बच्चों को जापानी इंसेफेलाइटिस (जेई) से बचाव के लिए दोनों टीके लगवाने की भी अपील की गई।
बैठक में जलभराव को संचारी रोगों के फैलाव का प्रमुख कारण बताते हुए लोगों से घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने को कहा गया। नागरिकों को सलाह दी गई कि कूलर, गमले और अन्य पानी जमा करने वाले पात्रों को सप्ताह में एक बार खाली कर सुखाएं। गड्ढों में पानी जमा होने पर उन्हें मिट्टी से भर दिया जाए। नालियों में जलभराव रोकने के साथ उनकी नियमित सफाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
इसके अलावा लोगों से पूरी आस्तीन की कमीज और पैंट पहनने, जानवरों के बाड़े घर से दूर रखने तथा आसपास उगी जंगली झाड़ियों की नियमित सफाई करने की अपील की गई। पालिका अधिकारियों ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दौरान स्वच्छता और जागरूकता को लेकर विशेष रूप से कार्य किया जाएगा।
बैठक में सभासद वाजिद, ताजुद्दीन, सलीम, शफीक मलिक, शहजाद, अतीक अहमद, सभासद पति रियाजुद्दीन, अमीर आजम उर्फ भूरा, गुलफाम, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक राकेश कुमार, अवर अभियंता जल अमित श्रीवास्तव, सफाई लिपिक लाखन सिंह, सफाई नायक राकेश कुमार, विकास कुमार, मजहर अब्बास, सुजीत कुमार सहित पालिका के कर्मचारी मौजूद रहे।
