लखनऊ। प्रदेश सरकार द्वारा फूलों को मंडी शुल्क से पूरी तरह मुक्त किए जाने के उपलक्ष्य में पुष्प उत्पादक किसान कल्याण समिति की ओर से आज दौलतगंज (निकट गुलालाघाट) में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में पुष्प उत्पादक किसानों एवं फूल विक्रेताओं ने मुख्य अतिथि कृषि विपरण एवं उद्यान मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार दिनेश प्रताप सिंह तथा लखनऊ उत्तर के विधायक डॉ. नीरज बोरा को सम्मानित किया।
समारोह में उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने पुष्प व्यापारियों एवं किसानों को संबोधित करते हुए कहा, कि यह दिन किसान भाइयों के श्रम, निष्ठा,भरोसे एवं सम्मान का दिन है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा फूलों को मंडी शुल्क से पूरी तरह मुक्त करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। इससे पुष्प उत्पादक किसानों और फूल व्यापारियों को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी तथा पुष्प व्यवसाय को और बढ़ावा मिलेगा।
वहीं, विधायक डॉ. नीरज बोरा ने फूलों को मंडी शुल्क से पूर्णतः मुक्त किए जाने के निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मंडी शुल्क समाप्त होने से फूल उत्पादकों को अपनी उपज के बेहतर मूल्य मिलेंगे। उन्होंने कहा कि जब किसान समृद्ध होगा, तभी प्रदेश समृद्ध होगा।
सम्मान समारोह में भूमि विकास बैंक के चेयरमैन विवेक सिंह तोमर, नगर उपाध्यक्ष सौरव वाल्मीकि, रामावतार कनौजिया, दया पांडे, अनूप सिंह, विशाल गुप्ता, मोहम्मद अयाज, जगदीश मौर्य, गिरीश कुमार मौर्य मोहम्मद सोहेल सहित बड़ी संख्या में पुष्प विक्रेता, पुष्प उत्पादक किसान एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।
