बिहार के जमुई में छात्रा से छेड़खानी करने वाले मुख्य आरोपी नंदन यादव का हाफ एनकाउंटर
September 22, 2026
बिहार के जमुई जिले में नाबालिग छात्रा से छेड़खानी का वीडियो वायरल होने के बाद पूरे देश में हंगामा मचा हुआ है। इस घटना ने समाज को शर्मसार कर के रख दिया है। पुलिस भी इस मामले में लगातार कार्रवाई कर रही है। अब पुलिस ने इस घटना के मुख्य आरोपी का हाफ एनकाउंटर किया है। सामने आई जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी की पहचान नंदन यादव के तौर पर की गई है। वह बालू और शराब के अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। आरोपी के एनकाउंटर में घायल होने की खबर सामने आई है।
जमुई में छात्रा से बदसलूकी मामले में मुख्य आरोपी का हाफ एनकाउंटर कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपी नंदन यादव के पैर में गोली मारी है। आरोपी ने नाबालिग छात्रा के साथ बदसलूकी की थी, उसके दोस्त और उसे जलील किया था। आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर था। आखिरकार पुलिस आरोपी तक पहुंच गई और उसका हाफ एनकाउंटर हो चुका है। जानकारी के अनुसार, नंदन यादव के एक दोस्त को भी पुलिस अस्पताल लेकर आई है। उसे भी इमरजेंसी के उसी कमरे मे ले जाया गया जिसमें नंदन यादव का इलाज चल रहा है।
आपको बता दें कि जमुई में हुई इस घटना के मामले में SIT ने जांच तेज कर दी है। पुलिस के आला अधिकारियों ने उस जगह का जायजा लिया है जिस जगह पर नाबालिग छात्रा और उसके दोस्त को हैरेस किया गया। बिहार के जमुई में छात्रा के साथ हुई बदसलूकी के खिलाफ पुलिस का एक्शन तेज है। तो वहीं नाबालिग का वीडियो वायरल करने को लेकर भी एक्शन लिया जा रहा है। पुलिस ने 120 सोशल मीडिया हैंडल्स के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं, 13 फेसबुक अकाउंट्स, 12 इंस्टाग्राम और 7 ट्विटर हैंडल्स की पहचान की है जिससे नाबालिग के साथ बदसलूकी का वीडियो वायरल किया गया। पुलिस अब इनके खिलाफ भी एक्शन की तैयारी में है।
जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ वारदात पर घमासान मचा है। दरअसल, ये पूरा मामला 19 सितंबर का है जब नाबालिग छात्रा अपने नाबालिग दोस्त के साथ कोचिंग से लौट रही थी। उसी वक्त रात करीब पौने सात बजे कुछ मनचलों ने दोनों को घेर लिया। उन्होंने लड़के के साथ मारपीट की और लड़की के साथ छेड़खानी की। डर के मारे पीड़ित पक्ष ने इस मामले में FIR दर्ज नहीं कराई थी। वहां पर मौजूद कुछ लोगों ने इस घटना को मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। जब घटना का वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस एक्शन में आई। मामले में POCSO एक्ट के तहत FIR दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। इस मामले में 7 आरोपियों की पहचान हुई है जिनमें से 3 नाबालिग आरोपी हिरासत में हैं। वहीं, अब मुख्य आरोपी एनकाउंटर में घायल हो गया है।
