पीलीभीत। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर शहर में भक्ति और आस्था का माहौल देखने को मिला। गन्ना विकास एवं चीनी मिल राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार ने मोहल्ला पूरणागंज स्थित खूबचंद मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान से जिलेवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में जन्माष्टमी के अवसर पर विशेष आयोजन किया गया था। बालकृष्ण के स्वरूप में सजे बच्चों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं की झांकियों ने वातावरण को कृष्णमय बना दिया। राज्य मंत्री ने बच्चों के साथ समय बिताया और जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं।
पूजा-अर्चना के दौरान राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें धर्म, कर्म और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। जन्माष्टमी का पर्व प्रेम, भक्ति और मानव कल्याण का संदेश देता है। उन्होंने सभी लोगों के सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। इससे पूर्व राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार खमरिया पुल स्थित ऐतिहासिक स्थल पर पहुंचे, जहां उन्होंने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले का फीता काटकर शुभारंभ किया। यहां आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का उल्लेख करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में यहां कथा का भी आयोजन किया गया। मेले और धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय श्रद्धालु एवं कृष्ण भक्त शामिल हुए। मंदिर और मेला परिसर में जय श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। राज्य मंत्री ने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर पर्व की शुभकामनाएं दीं और सभी के सुख-कल्याण की प्रार्थना की।
