अमेठीः जनसुनवाई में जिलाधिकारी सख्त! शिकायतों के निस्तारण में देरी पर कार्रवाई की चेतावनी
September 07, 2026
अमेठी। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनसुनवाई में सोमवार को जिलाधिकारी संजय चैहान ने जिलेभर से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं। भूमि विवाद, राजस्व, विकास, चिकित्सा समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें लेकर पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं। डीएम ने एक-एक फरियादी की बात गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी का रुख स्पष्ट नजर आया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की शिकायतों को महज कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखा जाए, बल्कि मौके पर जाकर समस्या का वास्तविक समाधान कराया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक प्रार्थना पत्र का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। डीएम ने कहा कि शासन की मंशा आमजन को त्वरित न्याय और राहत उपलब्ध कराने की है। ऐसे में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी अथवा लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि शिकायत के निस्तारण के बाद संबंधित फरियादी को इसकी जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि उसे अपनी शिकायत पर हुई कार्रवाई की वास्तविक स्थिति पता चल सके। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने और प्राथमिकता के आधार पर मामलों का निस्तारण करने को कहा। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों को उम्मीद है कि प्रशासनिक स्तर पर दिए गए निर्देशों के बाद उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सकेगा। वहीं, अधिकारियों को भी डीएम ने स्पष्ट संदेश दिया कि ’’जनता की शिकायतों में हीलाहवाली अब भारी पड़ सकती है।
