अमेठीः राष्ट्रीय राजमार्ग से हटेगा अतिक्रमण, डीएम ने दिए कड़े निर्देश! बोले-सड़क सुरक्षा हर नागरिक की सामाजिक जिम्मेदारी
September 24, 2026
अमेठी। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी शशांक चैधरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। बैठक में जगदीशपुर और इन्हौना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बढ़ते अतिक्रमण पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने एनएचएआई अधिकारियों को संबंधित एसडीएम व क्षेत्राधिकारियों के साथ समन्वय कर विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि दोबारा अवैध कब्जा मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। डीएम ने चिन्हित ब्लैक स्पॉट, सड़क मरम्मत और यातायात सुरक्षा उपायों की समीक्षा करते हुए प्रमुख मार्गों पर साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर और रोड मार्किंग दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। पूर्ण हो चुके कार्यों का भौतिक सत्यापन भी कराने को कहा। स्कूली वाहनों और सार्वजनिक परिवहन की जांच के निर्देश देते हुए उन्होंने फिटनेस, परमिट व अन्य दस्तावेजों का सत्यापन कराने तथा 15 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। ड्रिंक एंड ड्राइव, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों पर सख्ती बरतते हुए प्रभावी चालान अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। सड़क किनारे झाड़ियों की कटाई, टोल प्लाजा पर क्रेन, गैस कटर व एंबुलेंस की उपलब्धता तथा प्रमुख चैराहों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया। डीएम ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन के साथ-साथ हर नागरिक की सामाजिक जिम्मेदारी है। चालान के साथ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया जाए। बैठक में सीडीओ पूजा साहू, एडीएम वित्त एवं राजस्व ज्योति सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
