Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बिहार के मुजफ्फरपुर में उत्पाद टीम पर हमला, शराब धंधेबाज को छुड़ाया


बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने में जुटी उत्पाद विभाग की टीम को एक बार फिर शराब धंधेबाजों के उग्र विरोध का सामना करना पड़ा है। मुजफ्फरपुर जिले में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम पर स्थानीय धंधेबाजों और उनके समर्थकों ने हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व पुलिस की गिरफ्त में आए मुख्य शराब धंधेबाज को छुड़ाकर मौके से फरार हो गए।

मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के रूपनपट्टी चौक पर उत्पाद विभाग की टीम पर हमला कर दिया। उत्पाद विभाग की टीम पर स्थानीय लोगों द्वारा हमला किया गया। असामाजिक तत्वों ने न केवल पुलिस कार्रवाई में बाधा डाली, बल्कि हिरासत में लिए गए एक धंधेबाज को भी छुड़ा लिया। उसके पास से शराब की बोतल मिली थी। उत्पाद विभाग के वाहन में तोड़फोड़ और आगजनी का प्रयास किया। वहीं उत्पाद टीम की हिरासत से छुड़ाए गए शराब धंधेबाज को साथ लेकर उपद्रवी भाग निकले। इस घटना के बाद उत्पाद विभाग की टीम को सुरक्षित वहां से थाने पर लाया गया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग में कार्यरत एएसआई उपेंद्र मंडल के नेतृत्व में टीम को सूचना मिली थी कि सकरा थाना क्षेत्र में बड़े पैमाने पर शराब की बिक्री और होम डिलीवरी की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद टीम छापेमारी के लिए पहुंची थी।

कार्रवाई के दौरान टीम ने सकरा थाना क्षेत्र के विशनपुर बघनगरी निवासी पंकज कुमार ठाकुर को हिरासत में लिया। पंकज पर बाइक से शराब की सप्लाई करने का आरोप है। आरोपी को हिरासत में लेते ही मौके पर हड़कंप मच गया। जिस मार्केट में छापेमारी की जा रही थी, वह सकरा के रूपनपट्टी निवासी अरविंद मिश्रा का बताया जा रहा है। अरविंद मिश्रा वर्तमान में दरभंगा जिले में पुलिस की डायल 112 गाड़ी में ड्राइवर के पद पर कार्यरत है।

आरोप है कि अरविंद मिश्रा भी मौके पर मौजूद था और उसी के उकसावे पर देखते ही देखते स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए। मौके पर हंगामा किया। भीड़ ने उत्पाद विभाग की टीम को घेर लिया, धक्का-मुक्की की और सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त करने की कोशिश की। इस अफरातफरी का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों ने पकड़े गए आरोपी धंधेबाज को पुलिस की वाहन से उतार लिया। घटना के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने किसी तरह खुद को बचाया और सकरा थाने को सूचना दी। सूचना मिलते ही सकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी और हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस ने आरोपी के ठिकानों पर छापेमारी की, जहां से कोई बरामदगी नहीं हुई।

मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी (पूर्वी-2) मनोज कुमार सिंह ने बताया कि "उत्पाद विभाग की टीम चिकनौटा चेक पोस्ट के पास शराब बिक्री की सूचना पर गई थी। पंकज ठाकुर नाम के व्यक्ति को रोकने पर भीड़ इकट्ठा हो गई और धक्का-मुक्की कर आरोपी को छुड़ा लिया गया। उत्पाद विभाग के एएसआई उपेंद्र मंडल के आवेदन पर सकरा थाने में 5 नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ कांड दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद आरोपित पंकज ठाकुर समेत अन्य के घरों पर छापेमारी करने पहुंची लेकिन फरार मिले। टीम पर हमला से संबंधित सीसीटीवी फुटेज मिला है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |