प्रताापगढः संदिग्ध परिस्थितियों में एसएसओ का फंदे से झूलता मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
September 01, 2026
प्रतापगढ़।जिले में तहसील क्षेत्र के एक विद्युत उपकेन्द्र में तैनात एसएसओ के संदिग्ध परिस्थितियों में सरकारी आवास में फंदे से झूलते शव को लेकर मंगलवार को उपकेन्द्र में हड़कंप मच गया। उदयपुर थाना क्षेत्र के उदयपुर बाजार के समीप पावर हाउस में विवेक कुमार यादव एसएसओ तैनात थे। पिछले पांच महीने से वह उपकेन्द्र में अवर अभियन्ता के रिक्त पद पर प्रभार संभाले हुए थे। मंगलवार की सुबह अधिशासी अभियंता रूपेश कुमार ने किसी सरकारी सूचना के लिए एसएसओ को फोन किया। तब उनका फोन बंद मिला। इसके बाद करीब ग्यारह बजे अधिशासी अभियन्ता दोबारा फोन किया तब भी एसएसओ का फोन बंद मिला। तब अधिशासी अभियन्ता ने सांगीपुर के एसडीओ प्रशान्त कुमार को एसएसओ से संपर्क करने को कहा। एसडीओ ने उपकेन्द्र में तैनात कर्मचारियों से एसएसओ का पता लगाने को कहा। इसके बाद कर्मचारी एसएसओ के उदयपुर थाना क्षेत्र के मंगापुर बाजार में किराए के मकान पहुंचे। मकान में उनका कमरा अन्दर से बन्द मिला तब कर्मचारियों ने कमरे के बाहर आवाज लगाई। अंदर से कोई आवाज न पाने पर कर्मचारियों ने कमरे के अन्दर झांका तब वह एसएसओ को फंदे से झूलता देख दंग रह गए। कर्मचारियों ने पुलिस को फोनिक सूचना दी। मौके पर उदयपुर पुलिस पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़वाया। पुलिस ने कर्मचारियों के सहयोग से एसएसओ के शव को नीचे उतरवाया। मृतक एसएसओ विवेक कुमार यादव जौनपुर जिले के थाना बक्सा के मीरगंज कुंवारदहा निवासी थे। मृतक के बच्चे रक्षाबंधन पर्व पर घर गए हुए थे। एसएसओ के फंदे पर झूलने की वजह को लेकर कोई तस्वीर साफ नही हो सकी है। पत्नी और बच्चों की मौजूदगी न होने के कारण भी घटना को लेकर पुलिस कोई क्लू अभी तलाश नही पाई है। एसएसओ की मौत की जानकारी पर अधिशासी अभियन्ता रूपेश कुमार तथा सांगीपुर एसडीओ प्रशान्त कुमार भी विद्युत उपकेन्द्र पहुंचे। मृतक एसएसओ की पत्नी को पुलिस ने हादसे की फोनिक सूचना दी। जानकारी मिलने पर मृतक की पत्नी व बच्चे घर से उपकेन्द्र रवाना हुए बताए गए। सूत्रों के मुताबिक परिजनों ने मौके पर पहुंचने तक शव को वहीं रोकवाने की भी बात पुलिस से कही है। समाचार भेजे जाने तक उपकेन्द्र पर मृतक के परिजनों की पुलिस प्रतीक्षा में देखी गयी। मृतक अपने पीछे पत्नी सुमन तथा दो पुत्री व एक पुत्र को निराश्रित छोड़ गया है।
