इंग्लैंड टीम को झटका! दिग्गज क्रिकेटर माइकल हसी ने कोच बनने से कर दिया इनकार
September 02, 2026
इंग्लैंड क्रिकेट टीम बदलाव के दौर से गुजर रही है. स्टीफन फ्लेमिंग नए टेस्ट कोच बने हैं, लेकिन उन्हें नए सपोर्ट स्टाफ की भी जरूरत है. इसी बीच ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज खिलाड़ी माइकल हसी ने इंग्लैंड टीम के बल्लेबाजी कोच का पद ठुकरा दिया है. इसके बजाय वह ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ पार्ट-टाइम सलाहकार के रूप में जुड़ गए हैं. बताते चलें कि माइकल हसी और स्टीफन फ्लेमिंग CSK में पहले भी साथ काम कर चुके हैं, इसलिए माइकल का बल्लेबाजी कोच पद ठुकराना वाकई चौंकाने वाला फैसला है.
द गार्जियन के अनुसार माइकल हसी ने बल्लेबाजी कोच का पद इसलिए स्वीकार करने के बजाय ऑस्ट्रेलिया टीम के साथ सलाहकार के तौर पर जुड़ने का फैसला इसलिए लिया क्योंकि इससे वे अपने शेड्यूल में लचीलापन ला पाएंगे और फ्रेंचाइजी क्रिकेट, द हंड्रेड लीग और कमेंट्री की मौजूदा प्रतिबद्धताओं को भी पूरा कर पाएंगे. हसी ने पिछले महीने स्टीफन फ्लेमिंग के साथ बल्लेबाजी कोच को लेकर बात की थी, लेकिन उन्होंने ऑफर को अस्वीकार कर दिया है.
यह अपडेट ऐसे समय में आया है, जब इंग्लैंड की टीम फिलहाल पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज खेल रही है. पाकिस्तान पर उसे सीरीज में 0-2 की बढ़त प्राप्त है, लेकिन अगले साल एशेज सीरीज से पहले तैयारियों को दुरुस्त भी करना है. एशेज से पहले इंग्लिश टीम को दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलियाई दौरे की चुनौती से भी पार पाना है.
बता दें कि माइकल हसी अभी इंडियन प्रीमियर लीग में CSK के साथ बल्लेबाजी कोच के तौर पर जुड़े हुए हैं. वो द हंड्रेड लीग में द वेल्श फायर टीम के हेड कोच की भूमिका के अलावा फॉक्स स्पोर्ट्स के साथ कमेंट्री का काम और चैनल पर बतौर क्रिकेट एक्सपर्ट भी नजर आते रहे हैं. फिलहाल उनकी प्राथमिकता इन्हीं भूमिकाओं में बने रहने की है.
नए हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग के सामने नई मुश्किल आ खड़ी हुई है. हालांकि उनके सामने मार्कस ट्रेसकॉथिक का विकल्प खुला है. मार्कस पाकिस्तान के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज में अंतरिम बल्लेबाजी कोच की भूमिका अदा कर रहे हैं.
