Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बलियाः शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव - दयाशंकर सिंह


  • शिक्षक दिवस पर 50 उत्कृष्ट शिक्षक सम्मानित, शिक्षा में नवाचार और गुणवत्ता सुधार पर जोर


बलिया। शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि उनके ज्ञान, संस्कार, अनुशासन और व्यक्तित्व को आकार देने वाले शिल्पकार हैं। समाज और राष्ट्र के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। यह बात प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने शनिवार को गंगा बहुद्देशीय सभागार में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में कही। शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के 50 उत्कृष्ट शिक्षकों, प्रधानाध्यापकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को प्रशस्ति पत्र एवं शॉल देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान अधिकारियों, शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं ने गोरखपुर में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक दिवस समारोह का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सजीव प्रसारण देखा और सुना।

समारोह को संबोधित करते हुए परिवहन मंत्री ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल, संस्कार और दृष्टिकोण में सकारात्मक बदलाव लाकर उनके व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं। वे केवल पाठ्यक्रम पूरा करने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि विद्यार्थियों को अनुशासन, संस्कार और जीवन में आगे बढ़ने की दिशा भी प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के जीवन में होने वाली प्रगति के पीछे शिक्षक की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव हैं। उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का सम्मान उनके उत्साह को बढ़ाने के साथ ही अन्य शिक्षकों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है।

उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस देश के प्रथम उपराष्ट्रपति और द्वितीय राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।

समारोह में परिवहन मंत्री ने बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 50 शिक्षकों, प्रधानाध्यापकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों को प्रशस्ति पत्र और शॉल भेंटकर सम्मानित किया। शिक्षकों द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों और नवाचारों की सराहना की गई।

अधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों के नवाचार और बेहतर शैक्षिक प्रयास विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। शिक्षकों से शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, नवाचार को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अपनी भूमिका को और प्रभावी बनाने का आह्वान किया गया।

सम्मान समारोह के दौरान सभागार में उत्साह का माहौल रहा। सम्मानित शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए निरंतर बेहतर कार्य करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, सीडीओ आलोक कुमार, जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, श्रीमती सुनीता श्रीवास्तव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |