बलिया। रसड़ा तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को भूमि विवादों से जुड़ी शिकायतों की भरमार रही। नाली से जल निकासी, अवैध कब्जा, भूमि की वरासत, राशन कार्ड और पेंशन सहित कुल 125 शिकायतें पहुंचीं। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने भूमि विवादों को गंभीरता से लेते हुए राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर जाकर स्थलीय जांच करने और नियमानुसार शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान 12 मामलों का मौके पर ही समाधान कराया गया।
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में दूर-दराज से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और निष्पक्ष तरीके से समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ग्राम कटया के एक शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी जमीन पीडब्ल्यूडी की सीमा में आ रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित लेखपाल और कानूनगो को मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश कराने तथा नियमानुसार समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया।
इसी तरह नगर पालिका नगरा में जन्म प्रमाण पत्र जारी नहीं किए जाने की शिकायत भी सामने आई। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका नगरा को पात्र लोगों के जन्म प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि केवल कागजी कार्रवाई पूरी कर शिकायतों का निस्तारण न माना जाए, बल्कि आवश्यकतानुसार मौके पर जाकर जांच की जाए और शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत दिलाई जाए।
उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता में किसी तरह की कमी मिली तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
इस अवसर पर सीएमओ डॉ. अभय कुमार राय, एसडीएम रसड़ा, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
