- शिकायत के बाद जहानाबाद पुलिस ने लिया तत्काल संज्ञानय पोस्ट डिलीट कराकर दी कड़ी चेतावनी
पीलीभीत। सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज की चाहत में की गई एक पोस्ट पीलीभीत की सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर स्वाति गंगवार के लिए परेशानी का सबब बन गई। फेसबुक पर पाकिस्तान को लेकर की गई पोस्ट के सोशल मीडिया पर सामने आते ही मामला पुलिस तक पहुंच गया। शिकायत के बाद जहानाबाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया और महिला के घर पहुंचकर पूछताछ की। पुलिस की कार्रवाई के बाद संबंधित पोस्ट को डिलीट कर दिया गया।
दरअसल, स्वाति गंगवार के फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट सामने आई, जिसमें लिखा था, ‘पाकिस्तान से अब मैं कभी वापस नहीं आऊंगी इंडिया।’ पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी तो इस पर भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष ने पुलिस से शिकायत कर दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पोस्ट की जांच शुरू कर दी।जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पोस्ट करने वाली महिला थाना जहानाबाद क्षेत्र में अपने घर पर ही मौजूद है। इसके बाद पुलिस उसके घर पहुंची और सोशल मीडिया पर इस तरह की पोस्ट करने के संबंध में पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक महिला ने लाइक और पोस्ट को वायरल कराने के उद्देश्य से यह पोस्ट किए जाने की बात सामने आई।
पुलिस की मौजूदगी और चेतावनी के बाद महिला ने फेसबुक से संबंधित पोस्ट हटा दी। साथ ही पुलिस ने उसे भविष्य में इस प्रकार की पोस्ट करने से सख्ती से बचने की हिदायत दी। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि दोबारा इस तरह की गतिविधि सामने आने पर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
पीलीभीत पुलिस ने भी अपने आधिकारिक एक्स हैंडल के माध्यम से पूरे मामले की जानकारी साझा की है। पुलिस के अनुसार वायरल पोस्ट का तत्काल संज्ञान लेकर जांच की गई और महिला की मौजूदगी उसके घर पर मिली। पुलिस ने बताया कि महिला द्वारा लाइक और वायरल होने के उद्देश्य से पोस्ट किए जाने की बात सामने आई है।
सोशल मीडिया पर चंद लाइक और व्यूज हासिल करने की कोशिश किस तरह परेशानी खड़ी कर सकती है, यह मामला उसका उदाहरण बन गया। एक पोस्ट वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और पुलिस को महिला के घर पहुंचकर उसे चेतावनी देनी पड़ी। हालांकि, पुलिस की हिदायत के बाद पोस्ट डिलीट कर दी गई है और फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई चेतावनी तक सीमित बताई जा रही है।
