सुलतानपुर। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने सोमवार को दरियापुर फ्लाईओवर के नीचे सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि से निर्मित लेबर जोन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिशाषी अधिकारी, नगर पालिका परिषद सुलतानपुर को निर्देशित किया कि लेबर अड्डे की नियमित साफ-सफाई के साथ-साथ आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कराई जाएं, ताकि श्रमिकों को बेहतर और व्यवस्थित स्थान मिल सके। उन्होंने कहा कि शाहगंज चैराहे पर एकत्रित होने वाले श्रमिकों को दरियापुर फ्लाईओवर के नीचे बने इस लेबर जोन में शिफ्ट किया जाए। इससे श्रमिकों को सुविधाजनक स्थान मिलेगा और चैराहे पर भीड़ भी नियंत्रित हो सकेगी।
सहायक श्रमायुक्त को निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि श्रमिकों के हित में शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा पात्र श्रमिकों को इन योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने श्रमिकों को उनके अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी से समन्वय स्थापित कर लेबर अड्डे पर मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि वहां आने वाले श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण हो सके और जरूरत पड़ने पर उन्हें समुचित स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि लेबर अड्डे को श्रमिकों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक स्थल के रूप में विकसित किया जाए तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाएं।
