कन्नौज में छात्रा का अपहरण कर खिलाई चूहेमार दवा, सड़क किनारे फेंका, इलाज के दौरान मौत
September 22, 2026
कन्नौज में 19 वर्षीय स्नातक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्रा का अपहरण कर उसे एटा ले जाया गया और वहां चूहेमार दवा खिलाने के बाद छिबरामऊ के पास सड़क किनारे मरणासन्न हालत में छोड़ दिया गया। छात्रा को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज, तिर्वा में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, सदर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली छात्रा 18 सितंबर को मार्कशीट लेने के लिए घर से निकली थी। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिजन कुसुमखोर पुलिस चौकी और सदर कोतवाली पहुंचे और छात्रा के लापता होने की जानकारी दी। परिवार का आरोप है कि पुलिस ने उनकी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई नहीं की और कई दिनों तक उन्हें टरकाया जाता रहा।
इसके बाद 20 सितंबर की दोपहर छात्रा छिबरामऊ के पास सड़क किनारे मरणासन्न हालत में मिली। परिजन उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज, तिर्वा लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज शुरू किया गया।
इलाज के दौरान छात्रा ने कथित तौर पर एक वीडियो बनाया, जिसमें उसने अपने साथ हुई घटना के बारे में परिजनों को जानकारी दी और अपने प्रेमी, उसके बहनोई और भांजे के नाम बताए। परिजनों का आरोप है कि इन्हीं लोगों ने छात्रा का अपहरण किया और उसे चूहेमार दवा खिलाकर सड़क किनारे फेंक दिया।
वीडियो सामने आने के कुछ घंटे बाद सोमवार दोपहर करीब 12 बजे छात्रा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजन आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच और छात्रा द्वारा बताए गए आरोपों की पुष्टि में जुटी है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता की मौत के बाद परिजनों के घर पर मातम पसरा हुआ है। रो-रोकर बुरा लोगों का हाल है।
