अदालत नहीं, लोग करेंगे फैसला-सौरव दास
September 28, 2026
कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरव दास ने एक बार फिर भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि ये याद रखना चाहिए की सत्ता जीवन भर के लिए नहीं मिलती है.
सौरव दास ने एक्स पर लिखा, 'आज मुख्य चुनाव आयुक्त की गैर-कानूनी कार्रवाइयों के बारे में पूछा जा रहा है, तो पूरा भाजपा का पूरा सिस्टम इतिहास का पाठ पढ़ा रहा है. किसी भी सरकार को यह याद रखना चाहिए कि सत्ता सेवा करने के लिए होती है और सत्ता हमेशा के लिए नहीं होती. ऐसा न सोचने वाली सरकार खत्म होने की ओर बढ़ने लगती है.'
वहीं सौरव दास ने सुप्रीम कोर्ट को लेकर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने लिखा, 'मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट में कई याचिकाएं दायर की जा रही हैं. हालांकि हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि जब पिछली बार लोगों ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था तो क्या हुआ था. सु्प्रीम कोर्ट ने तय किया है कि चाहे जैसे भी, चुनाव से कुछ महीने पहले बंगाल में एसआईआर हो.'
उन्होंने लिखा, 'जब बड़ी संख्या में वोटर्स के नाम हटाए जाने को नजरअंदाज करना संभव नहीं हुआ तो जस्टिस जॉयमाल्या बागची की बेंच ने असाधारण टिप्पणी की, जो इस बार वोट नहीं दे पाए, वो अगली बार दे सकते हैं.
सौरव दास ने कहा, 'अदालतें संवैधानिक संस्थाएं हैं, लिहाजा ज्ञानेश के खिलाफ जितनी याचिकाएं आ रही हैं, उन्हें सुनने दीजिए. लेकिन ज्ञानेश कुमार की जवाबदेही को तय करने के मामले को हम कोर्ट के पास नहीं ले जाएंगे. यह फैसला लोग तय करेंगे.'
