रुद्रपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ट्रांजिट कैंप स्थित मैदान में वृहद स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। युवामोर्चा जिलाध्यक्ष विपिन सिंह गहलौत के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अभियान के दौरान युवामोर्चा कार्यकर्ताओं ने फुटबॉल मैदान एवं आसपास के क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। कार्यकर्ताओं ने मैदान और आसपास बिखरे कूड़े-कचरे को एकत्र कर स्वच्छता का संदेश दिया तथा स्थानीय लोगों को अपने आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने के लिए जागरूक किया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया गया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। वहीं पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल भी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के अभियानों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। युवामोर्चा पदाधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा और सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए स्वच्छता एवं वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री तरुण दत्ता, मंडल अध्यक्ष आदेश भारद्वाज, अशोक नेगी, जिला उपाध्यक्ष रचित गंगवार, जिला मंत्री मनीष गोस्वामी, जिला कार्यालय मंत्री विक्की राघव, दीपक राठौर, विशाल, मनीष पाल, सुनील, मयंक, विक्की सरकार, नितिन, गुड्डू सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।।
