ब्रेकर पर स्लो होते ही ट्रक ने कार में मारी जोरदार टक्कर, गाड़ी के उड़े परखच्चे
September 19, 2026
राजस्थान के झुंझुनूं जिले में एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। यहां के सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के रघुनाथपुरा गांव के पास यह हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक टोल के नजदीक शुक्रवार देर रात ट्रक और कार की भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे का बाद कार का गेट तोड़कर शवों व घायलों को बाहर निकालना पड़ा। फिलहाल घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
वहीं हादसे की सूचना मिलते ही जीवन ज्योति रक्षा समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद कार से घायलों को बाहर निकालकर सूरजगढ़ सीएचसी पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने शर्मिला पत्नी अभिषेक निवासी चूरू और महेंद्र शर्मा निवासी गुढ़ा को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश सीथल को प्राथमिक उपचार के बाद झुंझुनूं रेफर किया गया। हादसे में शीशराम जाट निवासी सीथल, हरिराम जाट निवासी सीथल और आलोक शर्मा निवासी सीकर का सूरजगढ़ का सीएचसी में उपचार जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक महिला शर्मिला चूरू जिले की निवासी थी, जो सीकर रहती थी। उनके पति अभिषेक सहारण सीकर एसपी कार्यालय में कांस्टेबल बताए जा रहे हैं। बताया गया कि सभी लोग दिल्ली स्थित एक आश्रम में अपने गुरुजी से मिलने गए थे और वहां से वापस लौट रहे थे। वे करीब महीने में एक बार गुरुजी से मिलने दिल्ली जाते थे।
सूरजगढ़ थाने के एसआई कानाराम के अनुसार कार लोहारू की तरफ से झुंझुनूं की ओर आ रही थी। रघुनाथपुरा टोल के पास ब्रेकर के नजदीक पीछे से आ रहे ट्रक और कार के बीच टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही सूरजगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी परिजनों को दी। पुलिस ने शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
