मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण में सुलतानपुर पुलिस की नई पहल, छात्राओं और महिलाओं से लिया जा रहा फीडबैक
सुलतानपुर। महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित एवं भयमुक्त माहौल उपलब्ध कराने के लिए सुलतानपुर पुलिस ने मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण में विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में चल रहे अभियान में फीडबैक के आधार पर संवेदनशील स्थानों की हॉटस्पॉट मैपिंग की जा रही है। वहीं, मनचलों और महिलाओं से अभद्रता करने वालों को रेड कार्ड देकर चेतावनी देने की व्यवस्था की गई है।
अभियान के तहत सभी थानों की मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमें स्कूल-कॉलेज, आंगनबाड़ी केंद्र, पार्क, मॉल और प्रमुख बाजारों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक कर रही हैं। छात्राओं और महिलाओं से फीडबैक फॉर्म के माध्यम से सुझाव लिए जा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के आधार पर थाना क्षेत्रवार ऐसे स्थानों को चिह्नित किया जा रहा है, जहां महिलाओं और बालिकाओं को असुरक्षा या छेड़छाड़ की शिकायतें रहती हैं।
चिह्नित हॉटस्पॉट पर एंटी रोमियो टीमों की निगरानी और गश्त बढ़ाई जाएगी। महिलाओं से अभद्रता, छींटाकशी या आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों को रेड कार्ड के माध्यम से कड़ी चेतावनी दी जाएगी। ऐसे लोगों का निर्धारित प्रारूप में विवरण भी दर्ज किया जाएगा। दोबारा ऐसी हरकत सामने आने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान बहू-बेटी सम्मेलन और अन्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और पुलिस की हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी जा रही है। पुलिस टीमों द्वारा 1090, 112, 1930 और 181 समेत विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी बताया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि महिलाओं और बालिकाओं की भागीदारी से ऐसे सुरक्षित वातावरण का निर्माण करना है, जहां वे बिना भय के स्कूल, कॉलेज, बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर आवागमन कर सकें।
