बीसलपुरः पूर्व छात्रों ने शिक्षक दिवस पर फिर थामा गुरु का दायित्व, कक्षाओं में पहुंचकर पढ़ाया! सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में अनूठी पहल, पूर्व छात्रों ने विद्यार्थियों से साझा किए अनुभवः आचार्यों को उपहार देकर किया सम्मानित
September 05, 2026
बीसलपुर। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शिक्षक दिवस का आयोजन इस बार पूर्व छात्रों की अनूठी पहल के कारण खास बन गया। विद्यालय के पूर्व छात्र अपने पुराने शिक्षण संस्थान पहुंचे और विभिन्न कक्षाओं में विद्यार्थियों के बीच शिक्षक की भूमिका निभाते हुए शिक्षण कार्य किया। पूर्व छात्रों ने विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें पढ़ाई के प्रति गंभीर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालय में बिताए अपने अनुभव भी साझा किए। अपने पुराने विद्यालय में वापस आकर विद्यार्थियों को पढ़ाने की पहल ने गुरु-शिष्य परंपरा और विद्यालय से पूर्व छात्रों के भावनात्मक जुड़ाव को एक अलग रूप दिया। आचार्य अशोक शर्मा ने शिक्षक दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल विषय का ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके चरित्र और व्यक्तित्व को दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रधानाचार्य डॉ. रविशरण सिंह चैहान ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ संस्कार, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने पूर्व छात्रों की पहल की सराहना की। प्रबंधक विष्णु कुमार गोयल ने कहा कि शिक्षकों का समर्पण विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव तैयार करता है। उन्होंने पूर्व छात्रों के विद्यालय से जुड़े रहने को उनके संस्कार और संस्थान के प्रति लगाव का प्रतीक बताया। कार्यक्रम के अंत में प्रबंधक ने विद्यालय के सभी आचार्यों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान पाकर शिक्षकों में खुशी का माहौल रहा।
