Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक मामले में दो प्रमुख आरोपी गिरफ्तार


महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) के पेपर लीक मामले में भिवंडी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भिवंडी पुलिस ने फरार हो गए दो आरोपियों को बीड और बिहार से गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि प्रकाश मिसाल और अशोक साव की गिरफ्तारी के साथ चार्जशीट में नामजद सभी 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

ठाणे शहर पुलिस और भिवंडी डिवीजन (जोन-2) के अधिकारियों के नेतृत्व में की गई जांच में महाराष्ट्र, बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली तक फैले व्यापक अंतरराज्यीय परीक्षा धोखाधड़ी नेटवर्क का खुलासा हुआ। अधिकारी ने कहा, ''दोनों संदिग्धों साव और मिसाल का पुलिस के विशेष जांच दल (SIT) ने तकनीकी खुफिया जानकारी, वित्तीय लेनदेन के रिकॉर्ड और लोकेशन लॉग के जरिये पता लगाया।''

बता दें कि गत 28 जून को निर्धारित परीक्षा से एक दिन पहले इस गिरोह का तब भंडाफोड़ हुआ था, जब जोन-द्वितीय के पुलिस उपायुक्त पवन बंसोड़ को सूचना मिली थी कि तीन लोग भिवंडी के एक निवासी को परीक्षा के प्रश्नपत्र बेचने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस ने कोंगांव इलाके में अपने कर्मियों को ग्राहक बनाकर जाल बिछाया, संदिग्धों को हिरासत में लिया और प्रश्नपत्रों के चार सेट जब्त किए।

महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (एमएससीई) के अधिकारियों से बाद में कराई गई जांच में इस बात की पुष्टि हुई कि जब्त सामग्री वास्तविक प्रश्नपत्र से मेल खाती थी। ठाणे पुलिस द्वारा दायर आरोपपत्र के मुताबिक, दो कर्मचारियों ने आगरा की एक प्रिंटिंग प्रेस से प्रश्नपत्र निकालकर महज 8,000 रुपये के लिए उन्हें जूते के तलवों के भीतर छिपाकर बाहर भेजा था। शुक्रवार को भिवंडी की एक स्थानीय अदालत में दाखिल आरोपपत्र में 18 आरोपियों के नाम हैं।

इन नामों में कथित मुख्य आरोपी बिजेंद्र गुप्ता भी शामिल है, जिसका नाम इससे पहले ओडिशा में पेपर लीक मामले में सामने आ चुका है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और आपराधिक साजिश से संबंधित धाराओं के साथ-साथ परीक्षा में कदाचार और अनुचित साधनों से संबंधित महाराष्ट्र के कानूनों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |