धुआं-धुआं कंधार! पाक का अफगानिस्तान पर घातक हमला
September 24, 2026
पाकिस्तान ने एक बार फिर अफगानिस्तान पर घातक हमला किया है. इस दौरान उसने कंधार समेत 10 जगहों को निशाना बनाया है. कंधार में तालिबानी सरकार के सुप्रीम लीडर का घर भी है. पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने दावा किया है कि उसने आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया है. पाक के गुरुवार (24 सितंबर) को किए गए हमले में कितने लोग मारे गए या जख्मी हुए, इसको लेकर जानकारी नहीं मिली है.
'एएफपी' की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना ने पूर्वी अफगानिस्तान में कई हमले किए हैं. कंधार के एक निवासी ने दावा किया कि उसने रात में फाइटर जेट की आवाज सुनी थी और इसके बाद धमाके की आवाजें सुनाई दीं. इसके कुछ ही घंटों बाद पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने हवाई और ड्रोन हमलों की पुष्टि की तरार ने एक्स पोस्ट के जरिए कहा, 'पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में 10 जगहों पर सटीक हवाई और ड्रोन हमले किए.'
तरार ने कहा, 'ये हमले जान-बूझकर, सटीक, सोचे-समझे और जरूरत के हिसाब से किए गए थे, और ये पूरी तरह से उन पहचाने गए सैन्य ठिकानों तक ही सीमित थे जिनका पाकिस्तान के खिलाफ हमलों की कोशिशों से सीधा संबंध था.'
संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हफ्ते की शुरुआत में पूर्वी अफगानिस्तान में हुए हमलों में कम से कम तीन आम नागरिक मारे गए थे, जबकि पाकिस्तान का दावा है कि उसने 28 चरमपंथियों को मार गिराया है. गवर्नर के प्रवक्ता मोहम्मद रसूल अहमदी ने बताया कि पक्तिया (अफगानिस्तान) में फाइटर जेट ने अफगान सेना की 203वीं मंसूरी कोर पर बमबारी की, लेकिन उन्होंने हताहतों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी.
अहम बात यह भी है कि पाक और अफगानिस्तान में सीजफायर के बावजूद फिर से तनाव बढ़ गया है. इस साल फरवरी के अंत में अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच लड़ाई हुई थी, तब कंधार और राजधानी काबुल दोनों पर हमले हुए थे, और हफ्तों तक चले युद्ध में सैकड़ों अफगान नागरिक मारे गए थे. हालांकि मार्च में युद्धविराम पर सहमति बनी थी, लेकिन कई देशों की मध्यस्थता के बावजूद पड़ोसी देशों के बीच कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है.
