डोनाल्ड ट्रंप ने बदल दिया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का नाम, बोले- 'हमने इसका नाम बदलकर सुपर इंटेलिजेंस कर दिया है'
September 30, 2026
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI ने पूरी दुनिया को चौंका कर रख दिया है। AI तेजी से विकसित हो रहा है और कई देशों के बीच अब इस क्षेत्र में आगे रहने की होड़ मची हुई है। इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा ऐलान किया है। ट्रंप ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का नाम बदल दिया है। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि यह AI नहीं है, हमने आधिकारिक तौर पर इसका नाम बदलकर SI कर दिया है। इसका मतलब है सुपर इंटेलिजेंस। बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप ने मेटा के CEO मार्क जुकरबर्ग, गूगल के CEO सुंदर पिचाई, एलन मस्क और अन्य टेक दिग्गजों के साथ सुपर इंटेलिजेंस को लेकर बैठक भी की है।
दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किया है। इस आदेश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का नाम बदलकर सुपर इंटेलिजेंस करने की घोषणा की गई है। इस आदेश में कहा गया है- "संघीय सरकार द्वारा प्रयोग की जाने वाली शब्दावली इस तकनीक की क्रांतिकारी क्षमताओं और अमेरिकी लोगों के लिए इससे पैदा होने वाले असीमित अवसरों की झलक मिलनी चाहिए। इसलिए सुपर इंटेलिजेंस शब्द इस तकनीक की क्षमता, संभावनाओं और तेजी से बढ़ रही खूबियों को सही तरीके से प्रदर्शित करता है। इसलिए मेरे प्रशासन ने ये नीति बनाई है कि कानून के दायरे में रहते हुए एग्जीक्यूटिव ब्रांच 'आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस' और 'AI' की जगह 'सुपर इंटेलिजेंस' और 'SI' शब्दों का इस्तेमाल करेगी। किसी भी स्थिति में 'आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस' और 'AI' के प्रयोग की मान्यता नहीं मिलेगी।" बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप इससे पहले भी AI के विकास को किसी भी तरह की रोकने की आवश्यकता को खारिज कर दिया था। ट्रंप ने कहा था कि AI दुनिया पर कब्जा कर लेगा, उसे निगल जाएगा और बर्बाद कर देगा, और रोबोट हमारे शहरों में घुस आएंगे और हम सबको खत्म कर देंगे। ये सब झूठ है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप AI का नाम बदलने के फैसले पर कहा- "हम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का नाम बदलने के लिए एक डॉक्यूमेंट पर साइन कर रहे हैं क्योंकि यह आर्टिफिशियल (कृत्रिम) नहीं है। हम सब इस बात से सहमत हैं। हम इसका नाम बदलकर सुपर इंटेलिजेंस करने जा रहे हैं। आधिकारिक तौर पर इसका नाम बदला जा रहा है।" ट्रंप ने सुपर इंटेलिजेंस को लेकर आगे कहा- "ये शायद अब तक की सबसे बड़ी चीज है। ये इंटरनेट से भी कहीं अधिक बड़ी है। यह हमारे देश के लिए एक बड़ा विकास है और ये सभी हमारे पास हैं।"
