Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

मेरठ के अविका होटल में लगी भीषण आग, ATM तक पहुंची लपटें; दो कारें खाक


परतापुर थाना क्षेत्र के रिठानी स्थित अविका होटल में तड़के अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और होटल के अंदर रखा फर्नीचर, सामान व अन्य उपकरण जलकर राख हो गए। इस होटल में बेसमेंट सहित दो फ्लोर बने हुए थे। होटल के प्रथम तल पर हॉल और द्वितीय तल पर 12 कमरे बने हुए हैं। होटल की आग ने प्रथम तल और बाहर पार्किंग में खड़े वाहनों को चपेट में ले लिया, जिसमें दो खड़ी कारें भी जल गईं।

जानकारी के मुताबिक मेरठ-दिल्ली रोड पर बने इस होटल में आग इतनी तेजी से फैली कि आग ने कुछ ही देर में पूरे होटल को अपनी चपेट में ले लिया। होटल से उठते काले धुंए के गुबार को देखकर लोगों के होश उड़ गये। चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया, सड़क पर लोगों की रफ्तार थम गई और जाम की स्थिति बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, परिसर में खड़ी सीएनजी गाड़ियों तक आग पहुंचने के बाद तेज आवाजें भी सुनाई दीं।

सूचना मिलते ही परतापुर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की 6 दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे से एक घंटे तक अभियान चलाकर आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान परतापुर थाने के दरोगा नीरज बघेल ने भी फायर ब्रिगेड की टीम के साथ मोर्चा संभाला और आग की चपेट में आ रही गाड़ियों को नियंत्रित करने में सहयोग किया। वहीं होटल से सटा इंडियन बैंक और उसका एटीएम है। एटीएम तक आग पहुंचने पर पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। गनीमत रही कि आज अवकाश होने के चलते बैंक बंद था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस और फायर विभाग की तत्परता से आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोक लिया गया। अग्निकांड में होटल को भारी नुकसान हुआ है। आग से करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है। फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं है। फारेंसिक टीम ने मौके से नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिये है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर आग के वास्तविक कारण का पता लगाने में जुटी हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |