AC में शॉर्ट सर्किट से अस्पताल में लगी आग, 2 नवजात शिशुओं की मौत
September 22, 2026
तेलंगाना के आदिलाबाद में एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। जिले के सरकारी RIMS अस्पताल में आधी रात को आग लग गई। इस आगजनी की घटना में 2 नवजात शिशुओं की जान चली गयी है। अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार, यह आग स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) वार्ड में लगे एयर कंडीशनर में शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी है। इस घटना में दो नवजात शिशुओं की मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य शिशुओं के घायल होने की खबर है। आइए जानते हैं कि इस हादसे के बारे में अब तक क्या जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि आधी रात के करीब, सरकारी RIMS अस्पताल के SNCU वार्ड में लगभग 30 नवजात शिशुओं का इलाज चल रहा था। तभी अचानक एक AC यूनिट जोरदार धमाके के साथ फट गई। कुछ ही पलों में पूरे वार्ड में घना धुआं फैल गया, जिससे सांस लेना बहुत मुश्किल हो गया। धमाके की आवाज सुनकर घबराए माता-पिता और तीमारदार वार्ड की ओर दौड़े और अपने बच्चों को बचाने की पुरजोर कोशिश की।
आदिलाबाद में हुए इस हादसे के बारे में मिली जानकारी के अनुसार, आग लगने के बाद अस्पताल के वार्ड से कुल 27 बच्चों को बाहर निकाला गया। इस दौरान कई बच्चों को चोटें आईं और उन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई। अस्पताल के कर्मचारियों ने तुरंत एक्शन लिया और बिजली सप्लाई बंद कर दी। इसके बाद घटना में प्रभावित बच्चों को दूसरे जनरल वार्ड और पास के प्राइवेट अस्पतालों में शिफ्ट कर दिया गया। अब तक मिली खबर के अनुसार, हादसे में तीन और नवजातों की हालत गंभीर है।
सरकारी RIMS अस्पताल के वार्ड में लगी आग की घटना की जानकारी मिलते ही जिले के कलेक्टर राजर्षि शाह और SP अखिल महाजन तुरंत ही RIMS अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटना के बारे में जानकारी ली, हालात का जायजा लिया। कलेक्टर और एसपी ने इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाकी नवजात शिशुओं को हर संभव बेहतर इलाज दिया जाए।
