Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बागपत में दर्दनाक हादसा, डिवाइडर से टकराने के बाद पलटी गाड़ी, 6 लोगों की मौत


उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से सड़क हादसे की एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे पर श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप गाड़ी डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 30 लोगों के घायल होने की खबर है। जानकारी के अनुसार, ये दर्दनाक हादसा खेकड़ा थाना क्षेत्र में बड़ागांव कट के पास हुआ है। घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, वाहन में सवार श्रद्धालु राजस्थान से जनपद बदायूं की ओर जा रहे थे। देर रात करीब 12:30 बजे डायल-112 के माध्यम से पुलिस को वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही खेकड़ा थाना पुलिस के साथ चार पीआरवी और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। दुर्घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला गया।

घायलों को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी खेकड़ा, सीएचसी बागपत और जिला अस्पताल बागपत भेजा गया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों की हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया है। वही हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया। पुलिस ने घटनास्थल पर यातायात व्यवस्था को संभालते हुए एक्सप्रेस-वे पर आवागमन सुचारू कराया। वहीं, मृतकों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क स्थापित करने की कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि इसस पहले यूपी के संभल में भी ऑटो-डंपर की टक्कर में 2 बच्चों समेत 5 लोगों की मौत हो गई थी और 6 घायल हुए थे।

पुलिस के मुताबिक, बागपत में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे पर हुए हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में वाहन के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है। पुलिस ने मृतक और घायलों के परिजनों की सहायता के लिए संपर्क नंबर भी जारी किया है। परिजन जनपद बागपत पुलिस के मोबाइल नंबर 9454417383 पर संपर्क कर दुर्घटना में घायल या मृत व्यक्तियों के संबंध में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।



ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे श्रृद्धालुओं से भरी बस बागपत में डिवाइडर से टकराई थी। उसके 14 गंभीर घायलों को मेरठ मेडिकल कॉलेज लाया गया था। मेडिकल कॉलेज के सीएमएस अजीत चौधरी के मुताबिक इस हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हुई है, जिसमें एक बच्चा भी शामिल है। घायलों को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |