बिहार में 2 बेटों को जहर देने के बाद मां ने खुद भी निगला कीटनाशक, मच गया हड़कंप
September 20, 2026
बिहार के किशनगंज जिले के कोचाधामन थाना क्षेत्र में एक महिला द्वारा अपने दो बच्चों को जहर देने और इसके बाद खुद भी कीटनाशक निगलकर आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद महिला और उसके दोनों बेटों को गंभीर हालत में किशनगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां तीनों का इलाज चल रहा है। बच्चों की स्थिति में इलाज के बाद सुधार बताया जा रहा है, जबकि महिला की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
घटना कोचाधामन थाना क्षेत्र के पठान टोला, बुढ़ीमारी गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, पारिवारिक विवाद को लेकर महिला फरहत जान कथित तौर पर नाराज थी। आरोप है कि इसी दौरान उसने अपने दोनों बेटों को जहरीला पदार्थ पिला दिया। इसके बाद महिला ने खुद भी कीटनाशक निगल लिया। महिला ने बताया कि हर दिन उसका पति उसके साथ मारपीट किया करता था जिसकी वजह से उसने ये खौफनाक कदम उठाया। महिला ने कहा कि आखिर बच्चों को किसके भरोसे छोड़ कर जाती इसीलिए बच्चों को भी जहरीला पदार्थ खिला दिया।
महिला और दोनों बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी तो परिजनों को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद परिवार के लोगों ने आनन-फानन में तीनों को इलाज के लिए किशनगंज सदर अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में भर्ती महिला की पहचान 22 वर्षीय फरहत जान, पति जाकिर के रूप में हुई है। वहीं उसके दोनों बेटे 10 वर्षीय फैजान और 7 वर्षीय फैजल बताए गए हैं।
अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने तीनों का इलाज शुरू किया। उपचार के बाद दोनों बच्चों की हालत में धीरे-धीरे सुधार होने लगा और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। वहीं महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
सदर अस्पताल के चिकित्सक सुबोजीत दास के अनुसार महिला और दोनों बच्चों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। इलाज के बाद तीनों की हालत पहले की तुलना में बेहतर हुई है, हालांकि महिला की स्थिति अभी भी थोड़ी गंभीर बताई जा रही है।
