भांवरकोल/गाजीपुर। ब्लॉक परिसर स्थित विधायक स्वर्गीय कृष्णानंद राय स्मृति सभागार में शनिवार को शासन द्वारा संचालित ‘वयोश्री एवं एडिप’ योजना के तहत वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पंजीकरण शिविर आयोजित किया गया। समाचार लिखे जाने तक शिविर में करीब 180 लोगों का पंजीकरण हो चुका था और पंजीकरण की प्रक्रिया जारी थी।
खंड विकास अधिकारी प्रेमचंद ने बताया कि वृद्ध एवं दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए संचालित इस योजना के तहत पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया जा रहा है। पंजीकरण के बाद निर्धारित तिथि पर उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार पात्र लाभार्थियों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
शिविर में खंड विकास अधिकारी प्रेमचंद, सहायक विकास अधिकारी (समाज कल्याण) संतोष कुमार सिंह कुशवाहा, गोपाल तिवारी, डॉ. पंकज आनंद, डॉ. सूरज पाल तथा दिव्यांग कल्याण विभाग गाजीपुर के शम्स सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण मौजूद रहे।
