Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बलियाः जनसेवा से राष्ट्रसेवा की ओर बढ़ा बलिया, ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ! 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, मंत्री बोले- विकसित भारत-2047 के निर्माण में हर नागरिक निभाए अपनी भूमिका


बलिया। जनसेवा को राष्ट्रसेवा से जोड़ने के संकल्प के साथ बुधवार को गंगा बहुउद्देशीय सभागार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ हुआ। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान का उद्घाटन प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर और मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में रंग भर दिया। कार्यक्रम के दौरान जनकल्याण, सेवा और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर वक्ताओं ने विचार रखे।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन में लंबे समय तक देश और समाज की सेवा को प्राथमिकता दी है। उन्होंने लोगों से विकसित भारत-2047 के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2016 में बलिया से उज्ज्वला योजना की शुरुआत हुई थी, जिसके माध्यम से महिलाओं को धुएं से राहत दिलाने के लिए गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए भी सरकार की ओर से योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

परिवहन मंत्री ने लोगों से प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर अपने घरों और अन्य स्थानों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने तथा सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने की अपील की।

अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि वर्ष 2014 से देश में सेवा का काल चल रहा है। पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प के साथ समाज के सभी वर्गों के लिए कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा, ताकि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच सके। उन्होंने लोगों से ‘सेवा आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील करते हुए कहा कि सेवा और जनकल्याण की भावना को समाज में आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, उपकरण, कार्ड और अन्य सामग्री वितरित की गई। नंद बाबा दुग्ध मिशन के तहत मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के छह लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। कन्या विवाह सहायता योजना के चार, मृत्यु-दिव्यांगता सहायता योजना के दो और बाल श्रमिक विद्या योजना के 34 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिया गया।

मातृत्व शिशु एवं बाल मदद योजना के 21 तथा प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के आठ लाभार्थियों को भी लाभान्वित किया गया। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जिले के 18 ब्लॉकों से चयनित 36 रसोइयों को सम्मानित किया गया। 15 लाभार्थियों को राशन कार्ड, 60 को ट्रेड दर्जी टूलकिट तथा 20 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मोबाइल फोन वितरित किए गए। वहीं 20 लाभार्थियों को आयुष्मान भारत योजना के कार्ड प्रदान किए गए।

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत विकासखंड हनुमानगंज के पांच लाभार्थियों को आवास की चाबी सौंपी गई। मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत रसड़ा के पांच और बेलहरी के पांच लाभार्थियों को भी आवास की चाबी वितरित की गई।

पिछड़ा वर्ग विभाग की शादी अनुदान योजना के 11 लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से 18 विकासखंडों के दिव्यांग लाभार्थियों को व्हीलचेयर और स्मार्ट केन वितरित किए गए तथा नौ दिव्यांग पेंशन लाभार्थियों को प्रमाण पत्र दिए गए। पंचायती राज विभाग की ओर से प्रत्येक ब्लॉक से दो-दो सफाई कर्मियों को उनके कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के पांच लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कृषि उत्पादन मंडी समिति की ओर से मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना के तहत दो लाभार्थियों को ट्रैक्टर प्रदान किए गए।

इस अवसर पर अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री दानिश आजाद अंसारी, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, बेल्थरारोड के विधायक धनंजय कन्नौजिया, मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार, डीडीओ आनंद प्रकाश सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |