Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

भागलपुर में 100 साल पुराना चैती मंदिर गंगा में समाया, मंत्री के घर में घुसा पानी


गंगा नदी इन दिनों पूरे उफान पर है। वहीं इससे हो रहा कटाव लगातार भयावह होता जा रहा है। गंगा में आई बाढ़ से बिहार के भागलपुर जिले की करीब 40 हजार प्रभावित है। इस बीच 100 साल पुरानी चैती मंदिर गंगा में समा गया। वहीं बिहार सरकार में मंत्री बुलो मंडल के घर में भी गंगा पानी घुस गया है।

राघोपुर जमींदारी तटबंध पर गंगा का कटाव मंगलवार सुबह और भयावह हो गया। तेज धारा के कारण करीब सौ वर्ष पुराने चैती दुर्गा मंदिर का बड़ा हिस्सा गंगा में समा गया। वर्षों पुराना मंदिर देखते ही देखते नदी की धारा में विलीन हो गया। मंदिर के कटाव की चपेट में आने के बाद आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में प्रशासन और जल संसाधन विभाग के प्रति आक्रोश भी देखा जा रहा है।

मंदिर को बचाने के लिए जल संसाधन विभाग की ओर से कई स्तर पर प्रयास किए गए, लेकिन गंगा की तेज और आक्रामक धारा के सामने विभाग के प्रयास टिक नहीं सके। मंगलवार सुबह कटाव ने मंदिर के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया और वह नदी में समा गया। ग्रामीणों ने बताया कि चैती दुर्गा मंदिर केवल पूजा-पाठ का स्थल नहीं था, बल्कि आसपास के गांवों की वर्षों पुरानी आस्था और पहचान से जुड़ा हुआ था। करीब एक सदी पुराने इस मंदिर से स्थानीय लोगों की भावनाएं जुड़ी थीं। मंदिर के गंगा में समा जाने से ग्रामीणों में मायूसी है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कटावरोधी काम को और प्रभावी तरीके से किया जाता तो मंदिर को बचाया जा सकता था।

चैती मंदिर के गंगा में समाने के बाद ग्रामीणों की चिंता अब रेलवे लाइन, घाट और आसपास बसे घरों की सुरक्षा को लेकर बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि कटाव अगर इसी रफ्तार से जारी रहा तो इसकी चपेट में रेलवे लाइन समेत आबादी के आने का खतरा है। नदी के तटबंध के आसपास रहने वाले लोगों में भी भय का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार कटाव का रुख लगातार आबादी की ओर बढ़ रहा है, ऐसे में समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

ग्रामीणों ने जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन से तत्काल युद्धस्तर पर फ्लड फाइटिंग कार्य शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि महज खानापूर्ति से कटाव को रोकना संभव नहीं है। विशेषज्ञ अभियंताओं की निगरानी में मौके की स्थिति का आकलन कर वैज्ञानिक तरीके से कटावरोधी कार्य कराया जाना चाहिए। मामले पर एग्जीक्यूटिव इंजीनियर आदित्य त्यागी ने बताया काम लगातार युद्ध स्तर से जारी है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |