सोनभद्र। जनपद की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को जिलाधिकारी सोनभद्र को ज्ञापन सौंपकर किसानों, नौजवानों, व्यापारियों एवं आमजन से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की। इस दौरान पार्टी नेताओं ने प्रशासन पर जनहित के मुद्दों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो पार्टी जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि जनपद में समस्याओं का अंबार लगा हुआ है, लेकिन अधिकारियों द्वारा आम जनता की शिकायतों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों एवं विपक्षी दलों के नेताओं की बात भी अधिकारी गंभीरता से नहीं सुन रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसान खाद और बिजली की समस्याओं से जूझ रहे हैं, जबकि व्यापारियों और आम नागरिकों की शिकायतों का भी समय पर निस्तारण नहीं हो रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी, जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
पूर्व विधायक रमेश चंद दुबे ने कहा कि घोरावल विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में विद्युत ट्रांसफार्मर जले पड़े हैं, जिससे किसानों को सिंचाई कार्य में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शिकायतों के बावजूद ट्रांसफार्मर नहीं बदले जा रहे हैं, जिससे किसानों में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने मांग की कि खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदला जाए, अन्यथा समाजवादी पार्टी आंदोलन का रास्ता अपनाएगी।
