सोनभद्र। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को बढ़ती महंगाई के विरोध में स्वर्ण जयंती चौक पर अनोखे अंदाज में ‘महंगाई बारात’ निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सपा नेताओं ने केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार पर महंगाई बढ़ाने और जनता से किए गए वादों को भूल जाने का आरोप लगाया।
सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले जनता से अच्छे दिनों का वादा किया था, लेकिन सरकार बनने के बाद अपने वादों को भुलाकर आम लोगों पर महंगाई का बोझ डाल दिया। उन्होंने कहा कि किसान, नौजवान, महिलाएं, व्यापारी और दुकानदार सभी बढ़ती महंगाई से परेशान हैं। खाद्य पदार्थों समेत चीनी, चावल, दाल, तेल, प्याज और साबुन की कीमतों में लगातार वृद्धि होने से आम जनता को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि चीनी के दाम बढ़ने से त्योहारी सीजन में मिठाइयों की कीमतों पर भी असर पड़ा है। एक ओर सरकार जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा रही है, वहीं दूसरी ओर जनप्रतिनिधि आम लोगों की समस्याओं से दूर हैं।
इस दौरान विमला देवी और लालती भारती ने कहा कि घरेलू उपयोग की आवश्यक वस्तुओं के लगातार महंगे होने से महिलाओं के लिए परिवार का बजट संभालना मुश्किल हो गया है। वहीं सुरेश अग्रहरी और मनीष केडिया ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने का काम कर रही है।
प्रदर्शन में सतीश कुमार चौबे, राजेंद्र भारती, अक्षय भारती, मारकंडे, गोपाल गुप्ता, जुनैद अंसारी, अरविंद पटेल, बचाऊ बियार एवं सुभाष चौधरी सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
