ICC रैंकिंग में मानव सुतार की लंबी छलांग, भारत के टॉप-5 गेंदबाजों में मिली एंट्री
August 26, 2026
मानव सुतार अपना तीसरा ही टेस्ट खेल रहे हैं, जिन्होंने ICC की टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में लंबी छलांग लगाई है. स्पिनर सुतार आईसीसी की गेंदबाजी रैंकिंग में भारत के टॉप-5 गेंदबाजों में शामिल हो गए हैं. पहले नंबर पर जसप्रीत बुमराह हैं, जो चोट के कारण श्रीलंका के खिलाफ सीरीज से बाहर हो गए थे. ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क टेस्ट में नए नंबर-1 गेंदबाज बन गए हैं.
सुतार ने अफगानिस्तान के खिलाफ जून में खेले गए एकमात्र टेस्ट में डेब्यू किया था. उस टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने 6 विकेट लिए थे, दूसरी पारी में 1 विकेट लेकर उन्होंने अपने डेब्यू मैच में कुल 7 विकेट लिए थे. उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था. श्रीलंका के खिलाफ खेले गए पहले टेस्ट में भी उन्होंने अपनी गेंद से कहर बरपाया.
गॉल में खेले गए पहले टेस्ट में मानव सुतार ने कुल 10 विकेट लिए थे. पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 6 विकेट लिए थे. सिंहला स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट की पहली पारी में सुतार ने 3 विकेट लिए थे. इसका फायदा उन्हें रैंकिंग में भी मिला है.
बुधवार, 26 अगस्त को जारी हुई आईसीसी टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में मानव सुतार ने लंबी छलांग लगाई, वह 28 पायदान ऊपर आकर 48वें नंबर पर आ गए हैं. वह भारत के टॉप-5 गेंदबाजों में शामिल हो गए हैं. पहले स्थान पर जसप्रीत बुमराह हैं, जो ओवरऑल लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं. बुमराह के 862 रेटिंग पॉइंट हैं.
दूसरे नंबर पर मोहम्मद सिराज हैं, जिन्हें ताजा रैंकिंग में 4 पैदा का नुकसान हुआ. वह 4 स्थान नीचे लुढ़ककर 18वें स्थान पर आ गए हैं. रवींद्र जडेजा भी 3 स्थान नीचे खिसककर 19वें स्थान पर पहुंच गए.
टॉप भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में चौथे स्थान पर कुलदीप यादव हैं, जो तबियत खराब होने के कारण दूसरे टेस्ट में नहीं खेल रहे हैं. उन्हें भी रैंकिंग में 12 स्थान का नुकसान हुआ है, वह 26वें स्थान पर पहुंच गए हैं.
