सोनभद्र। जनपद में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत थाना हाथीनाला पुलिस और एएनटीएफ यूनिट लखनऊ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एम्बुलेंस वाहन में छिपाकर ले जाए जा रहे 81.300 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 41 लाख रुपये बताई गई है। बरामद एम्बुलेंस, मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल बरामदगी का मूल्य लगभग 48 लाख रुपये आंका गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ यूनिट लखनऊ और हाथीनाला पुलिस को सूचना मिली थी कि उड़ीसा से एम्बुलेंस के जरिए गांजा की खेप उत्तर प्रदेश लाई जा रही है। सूचना के आधार पर हाथीनाला तिराहे के पास वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध एम्बुलेंस को रोका गया। चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया।
तलाशी के दौरान एम्बुलेंस के केबिन के फर्श में एल्यूमिनियम की चादर के नीचे बनाए गए गुप्त कैबिनेट से 36 टेपशुदा बंडलों में 81.300 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 1100 रुपये नकद तथा तस्करी में प्रयुक्त एम्बुलेंस वाहन संख्या WB04F3083 को भी कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान समीर सरकार (35 वर्ष) निवासी फरक्का, जिला मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि गांजा उड़ीसा के सम्बलपुर से लोड कराया गया था और उसे सुल्तानपुर पहुंचाना था। वहां एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा गांजा उतरवाया जाता था और इसके बदले उसे भुगतान किया जाता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर गांजा तस्करी का काम करता है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0-38/2026 के तहत धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुटी है।
