Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

नागपुर में फर्जी इंस्टा ID से नाबालिग को प्रेम जाल में फंसाकर बनाया बंधक, थाने पहुंचीं नीलम गोर्हे


फर्जी इंस्टाग्राम आईडी और ऑनलाइन गेम के जरिए 16 वर्षीय नाबालिग लड़की से दोस्ती कर उसे कथित तौर पर प्रेम जाल में फंसाने और बंधक बनाकर प्रताड़ित करने के मामले में नागपुर पुलिस की जांच जारी है। मामले की जांच किस दिशा में आगे बढ़ रही है और अब तक क्या-क्या सामने आया है, इसकी जानकारी लेने के लिए महाराष्ट्र विधान परिषद की पूर्व उपसभापति एमएलसी नीलम गोर्हे रविवार को नागपुर के हुड़केश्वर थाने पहुंचीं। आरोपी को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की।

बताया जा रहा है कि परिवार की शिकायत के बाद हुड़केश्वर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक कमरे का दरवाजा तोड़कर नाबालिग लड़की को सुरक्षित बाहर निकाला था। पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी ठाणे, मुंबई का रहने वाला बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, नाबालिग करीब 30 घंटे तक आरोपी के कब्जे में रही। आरोप है कि इस दौरान उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की गई और उसके शरीर पर कई चोटें आईं। आरोपी के बैग से चाकू, कैंची समेत कई आपत्तिजनक सामान मिलने की बात भी सामने आई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नीलम गोर्हे ने हुड़केश्वर थाने पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की और जांच की प्रगति की जानकारी ली।

थाने में मीडिया से बातचीत के दौरान नीलम गोर्हे ने कहा कि परिवार की शिकायत के बाद मामले का पता चला। उनके मुताबिक, नाबालिग को कथित तौर पर अगवा किया गया था और उसके शरीर पर गंभीर चोटें थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश भी की गई और उसे अलग-अलग तरीकों से धमकाया गया।

उन्होंने कहा कि आरोपी के पास कई वीडियो होने की जानकारी सामने आई है। साथ ही आरोप है कि आरोपी ने परिवार के मोबाइल फोन को हैक कर उनसे बातचीत भी की। ऐसे में मामले की साइबर क्राइम एंगल से भी जांच जरूरी है।

नीलम गोर्हे ने कहा कि साइबर अपराध की जांच में समय लगता है, लेकिन पुलिस को जल्द से जल्द सभी कानूनी और तकनीकी सबूत जुटाने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जांच में यह पता लगाया जाना जरूरी है कि आरोपी अकेला था या उसके साथ कोई और भी शामिल है।

उन्होंने आशंका जताई कि यदि इस मामले में कोई बड़ा नेटवर्क या अन्य लोग शामिल हैं, तो जांच के दौरान इसका भी खुलासा हो सकता है। साथ ही दूसरे शहरों में भी आरोपी द्वारा इसी तरह की कोई वारदात किए जाने की संभावना की जांच करने की मांग की। नीलम गोर्हे ने कहा कि मामले में दोष साबित होने पर आरोपी को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने अपनी अपेक्षा जताई कि आरोपी को फांसी की सजा होनी चाहिए।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |