Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

संग्रामपुर: बरसात में ढहा गरीब का आशियाना, मलबे में दबा गृहस्थी का सामान


संग्रामपुर/अमेठी। लगातार हो रही बारिश ने गरीब परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। विकासखंड संग्रामपुर क्षेत्र में बरसात के चलते कच्चे मकानों के ढहने का सिलसिला शुरू हो गया है। ग्रामसभा पुन्नपुर में बीती रात बारिश के दौरान एक गरीब परिवार का मिट्टी से बना कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर ही सो रहे थे। गनीमत रही कि मकान गिरने के दौरान परिवार की महिला और उसकी तीन बेटियां सुरक्षित बच गईं। हालांकि, घर में रखा गृहस्थी और खाने-पीने का अधिकांश सामान मलबे में दबकर खराब हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और भोजन की समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामसभा पुन्नपुर निवासी संतोष कुमारी पत्नी कर्मराज, पुत्र चिक्खू कोरी का पुश्तैनी मिट्टी का मकान बीती रात तेज बारिश के कारण अचानक ढह गया। पीड़ित परिवार के मुताबिक मकान काफी पुराना और कच्चा था। लगातार बारिश के चलते मिट्टी की दीवारें कमजोर हो गई थीं। रात में अचानक मकान का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा और देखते ही देखते पूरा कच्चा आशियाना मलबे में तब्दील हो गया। संतोष कुमारी ने बताया कि मकान उनके पूर्वजों के समय का बना हुआ था। बारिश के कारण मकान गिरने से घर में रखा अनाज, गृहस्थी का सामान और अन्य जरूरी वस्तुएं मलबे के नीचे दब गईं। घटना के समय परिवार की महिला अपनी तीन बेटियों के साथ घर में सो रही थी। मकान गिरने की आवाज सुनकर सभी घबरा गए, लेकिन सौभाग्य से किसी को चोट नहीं आई। गांव के कोटेदार जगदेव सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार बेहद गरीब है और लंबे समय से कच्चे मकान में रह रहा था। बारिश के कारण मकान गिरने से परिवार को काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता देने और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं संग्रामपुर क्षेत्र में मनीष विश्वकर्मा और श्रीपति सिंह के घर भी बीती रात बारिश के चलते ढह गए। लगातार बारिश के कारण क्षेत्र के कई गांवों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई कच्चे मकानों की दीवारें पानी सोखने के कारण कमजोर हो रही हैं और धीरे-धीरे ढहने लगी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो क्षेत्र में सैकड़ों कच्चे मकानों के गिरने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांवों में जलभराव की समस्या दूर कराने, क्षतिग्रस्त मकानों का सर्वे कराने तथा पात्र गरीब परिवारों को आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। साथ ही जिन परिवारों के मकान गिर चुके हैं, उन्हें तत्काल राहत सामग्री और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |