बीसलपुर। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में छात्राओं की रचनात्मक क्षमता को मंच देने के लिए राखी बनाओ, थाली सजाओ और टोकरी सजाओ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कक्षा छह से 12 तक की छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग कर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
राखी बनाओ प्रतियोगिता के बाल वर्ग में ज्योति शर्मा प्रथम, आराध्या गंगवार द्वितीय और रागिनी तृतीय रहीं। किशोर वर्ग में हिमानी शर्मा ने प्रथम तथा श्रेया ने द्वितीय स्थान हासिल किया। तरुण वर्ग में तान्या प्रथम, सलोनी द्वितीय और आकांक्षा तृतीय स्थान पर रहीं।
थाली सजाओ प्रतियोगिता में शिवानी ने प्रथम और एंजिल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। टोकरी सज्जा में नुपुर प्रथम, आहिना द्वितीय और प्रीती तृतीय रहीं।
प्रतियोगिता का मार्गदर्शन आचार्या कविता गंगवार, अंशिका, मीरा कुशवाह, संगीता एवं अनुकृति ने किया। निर्णायक की भूमिका बालाजी गर्ल्स इंटर कॉलेज की आचार्या विमलेश कुमारी एवं श्रद्धा शर्मा ने निभाई।
प्रधानाचार्य डॉ. रविशरण सिंह चैहान ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को सामने लाने के साथ आत्मविश्वास और सृजनात्मकता को भी बढ़ाती हैं। प्रबंधक विष्णु कुमार गोयल ने सभी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।रंग-बिरंगी राखियों, सजी हुई थालियों और आकर्षक टोकरियों ने कार्यक्रम को रक्षाबंधन की सांस्कृतिक भावना से जोड़ दिया।
