बीसलपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर कथित रूप से धन मांगने का मामला सामने आया है। खरदहाई गांव के चार ग्रामीणों ने एक व्यक्ति पर जबरन रुपये मांगने और रकम नहीं देने पर आवास सूची से नाम हटवाने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायती पत्र दिया है।
गांव निवासी राजाबाबू पुत्र चंद्रभान, लालू मिश्रा पुत्र रामरतन, विकास तिवारी पुत्र निरंकार और पवन कुमार पुत्र रामलखन ने संयुक्त रूप से पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि गांव का ही एक दबंग व्यक्ति आवास दिलाने के नाम पर उनसे धनराशि की मांग कर रहा है। रकम देने से मना करने पर पात्रता सूची से नाम हटवाने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।प्रभारी निरीक्षक गौतम सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
