विधायक और अधिकारियों की मौजूदगी में प्रथम चरण के 137 लाभार्थियों को आवंटन, शेष 163 के लिए जल्द होगी प्रक्रिया
बीसलपुर। वर्षों से आवास की आस लगाए बैठे जरूरतमंद परिवारों के लिए मंगलवार का दिन खुशियों भरा रहा। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देश पर ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मान्यवर कांशीराम आवास योजना के प्रथम चरण के 137 चयनित लाभार्थियों को पारदर्शी लॉटरी व्यवस्था के माध्यम से आवास आवंटित किए गए। आवास की पर्ची हाथ में आते ही लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई।
कार्यक्रम में विधायक विवेक वर्मा, उप जिलाधिकारी नागेंद्र पांडेय, जिला विकास अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, खंड विकास अधिकारी सर्वेश कुमार, तहसीलदार तथा अधिशासी अधिकारी शमशेर सिंह समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। आवासों के आवंटन में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बच्चों से डिब्बे में रखी पर्चियां निकलवाई गईं।
एसडीएम नागेंद्र पांडेय ने बताया कि शासनादेश के अनुसार प्रथम चरण में अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और सामान्य वर्ग के पात्र लाभार्थियों को निर्धारित आरक्षण के आधार पर आवास दिए गए हैं। प्रथम चरण में 137 आवास आवंटित किए गए हैं, जबकि शेष 163 आवासों के लिए दूसरे चरण में सर्वे और आवेदन प्रक्रिया पूरी कर आवंटन किया जाएगा। गौरतलब है कि डायट परिसर में तत्कालीन बसपा सरकार के कार्यकाल वर्ष 2008 से 2011 के बीच करीब 45 करोड़ रुपये से 300 मान्यवर कांशीराम आवासों का निर्माण कराया गया था। हालांकि बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं उपलब्ध न होने तथा प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया आगे न बढ़ पाने के कारण लंबे समय तक इन आवासों का आवंटन अटका रहा। देखरेख के अभाव में कई आवास जर्जर भी होने लगे थे। अब जिलाधिकारी के निर्देश पर आवंटन की प्रक्रिया शुरू होने से पात्र परिवारों को वर्षों बाद अपने आशियाने की उम्मीद मिली है।
