Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

मगरमच्छ को कंधे पर लादकर थाने पहुंचा युवक


बिहार के सुपौल जिले में एक युवक मगरमच्छ को कंधे पर लादकर पुलिस थाने पहुंच गया। पुलिसकर्मियों ने मगरमच्छ मिलने की सूचना वन विभाग को दी। इसके बाद उसे रेस्क्यू कर नदी में छोड़ा गया। घटना भीमनगर थाना क्षेत्र के लालपुर वार्ड-14 की है। यहां एक धान के खेत में शुक्रवार को अचानक एक विशाल मगरमच्छ दिखाई देने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। खेत में काम कर रहे लोगों की नजर जैसे ही मगरमच्छ पर पड़ी, वहां अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

भीड़ में शामिल कुछ युवकों ने हिम्मत दिखाते हुए मगरमच्छ को पकड़कर उसे रस्सी से बांध दिया। इसके बाद एक युवक उसे कंधे पर उठाकर थाना ले आया, जिसका वीडियो अब इलाके में वायरल हो रहा है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद उसे देखकर लोग दंग हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धान के खेत में अचानक मगरमच्छ को घूमते देख पहले तो ग्रामीण घबरा गए, लेकिन बाद में उन्होंने हिम्मत और सूझबूझ का परिचय दिया। किसी भी तरह की जल्दबाजी या नुकसान पहुंचाने के बजाय ग्रामीणों ने बेहद सावधानी से मगरमच्छ को सुरक्षित काबू में लिया और तुरंत इसकी सूचना वन विभाग, वीरपुर को दी लेकिन वन विभाग से तुरंत रिस्पांस नहीं मिलने पर कुछ युवकों ने मगरमच्छ के मुंह को रस्सी से बांधकर उसे कंधे पर उठाकर भीमनगर थाना पहुंच गए।

इसके बाद थानाध्यक्ष मनीष कुमार की सूचना पर वन विभाग की टीम भीमनगर थाना पहुंची और मगरमच्छ को अपने कब्जे में लेकर उसकी स्वास्थ्य जांच की। जांच में मगरमच्छ पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। इसके बाद विभागीय प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे उसके प्राकृतिक आवास कोसी नदी में सुरक्षित छोड़ दिया गया। वन विभाग के फॉरेस्टर रवि रंजन ने बताया कि रेस्क्यू किए गए मगरमच्छ की लंबाई करीब 4 फीट 16 इंच थी। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में नदियों का जलस्तर बढ़ने और जलमार्गों के आपस में जुड़ जाने के कारण मगरमच्छ सहित कई जंगली जीव खेतों और रिहायशी इलाकों तक पहुंच जाते हैं। ऐसे मामलों में लोगों को घबराने या खुद जोखिम उठाने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना देनी चाहिए। इस घटना में सबसे राहत की बात यह रही कि न तो किसी ग्रामीण को कोई नुकसान पहुंचा और न ही मगरमच्छ को किसी तरह की चोट आई। स्थानीय लोगों ने समझदारी दिखाते हुए वन्यजीव की सुरक्षा सुनिश्चित की।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |