बीसलपुर। पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं ग्राम प्रधान राम बहादुर मिश्रा की पत्नी हसमुखी मिश्रा के निधन की सूचना पर क्रांतिकारी विचार मंच उत्तर प्रदेश के प्रांतीय संरक्षक एवं किसान नेता देवस्वरूप पटेल रविवार को दियोरिया पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर दिवंगत के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और परिजनों को ढांढस बंधाया। शोक संवेदना व्यक्त करने के दौरान वरिष्ठ पत्रकार विनोद मिश्रा ने किसान नेता देवस्वरूप पटेल को दियोरिया- पूरनपुर मार्ग के जंगल क्षेत्र में नरई पुलिया के पास सड़क कट जाने की जानकारी दी। मार्ग क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलने पर देवस्वरूप पटेल मीडिया कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और सड़क की स्थिति का जायजा लिया।
मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि मार्ग का एक हिस्सा कट जाने के कारण आवागमन बुरी तरह प्रभावित है। ग्रामीणों और राहगीरों के अनुसार फिलहाल दोपहिया वाहन किसी तरह से निकल पा रहे हैं, लेकिन चारपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह बाधित है। मार्ग बंद होने से आसपास के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसान नेता देवस्वरूप पटेल ने मौके से ही प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार से फोन पर वार्ता की और मार्ग की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने कटी हुई सड़क को जल्द दुरुस्त कराकर आवागमन बहाल कराने की मांग की।
इस पर अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने एक सप्ताह के भीतर कटी हुई सड़क पर मिट्टी आदि डलवाकर मार्ग को आवागमन योग्य बनाने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसान नेता ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि मार्ग को जल्द दुरुस्त कराने के लिए संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जाएगा। सड़क कटने के कारण बंद पड़ा यह मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। चारपहिया वाहनों का आवागमन बंद होने से लोगों को दूसरे रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है। अब विभाग द्वारा दिए गए एक सप्ताह के आश्वासन के बाद लोगों को मार्ग के जल्द दुरुस्त होने की उम्मीद है।
