बीसलपुर। निगोही के पूर्व विधायक एवं समाजवादी पार्टी नेता रोशन लाल वर्मा ने कहा कि महारानी अवंती बाई लोधी ने देश और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया। उनके साहस, संघर्ष और देशभक्ति से हम सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए। राष्ट्रहित के लिए समर्पित होकर कार्य करना ही ऐसी महान वीरांगना के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। वह रविवार को बीसलपुर-पीलीभीत मार्ग स्थित ग्रीनलैंड बारातघर में आयोजित महारानी अवंती बाई लोधी जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और आयोजकों ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा ने कहा कि महारानी अवंती बाई लोधी 1857 के प्रथम भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की प्रमुख वीरांगनाओं में शामिल थीं। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के सामने झुकने के बजाय उसका डटकर मुकाबला किया। उन्होंने कहा कि महारानी अवंती बाई का जीवन साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए अनेक वीर-वीरांगनाओं ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। महारानी अवंती बाई ने भी अंग्रेजी सेना के खिलाफ संघर्ष करते हुए मातृभूमि के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उनके जीवन से युवाओं को देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा मिलती है। समारोह के आयोजक महारानी अवंती बाई लोधी महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सपा नेता हरिपाल सिंह लोधी ने कहा कि महारानी अवंती बाई ने अंग्रेजों के सामने आत्मसमर्पण करने के बजाय अंतिम समय तक संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि ऐसी महान वीरांगना के बलिदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता ओमप्रकाश वर्मा ने की, जबकि संचालन राम प्रताप गंगवार ने किया। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा, पूर्व पालिकाध्यक्ष डॉ. नूर अहमद अंसारी, सपा विधानसभा अध्यक्ष शैलेश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष बीडी प्रजापति, पूर्व नगर अध्यक्ष बलीउल्ला, मुक्तदर हयात, डॉ. यासीन अंसारी समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। वक्ताओं ने महारानी अवंती बाई लोधी के जीवन और उनके संघर्ष पर विचार व्यक्त करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
