मुसाफिरखाना: पांच किलोमीटर दौड़ प्रतियोगिता, युवाओं ने दिखाया दमखम
August 30, 2026
मुसाफिरखाना/अमेठी । ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से क्षेत्र के पूरे चैहान गांव में पांच किलोमीटर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में युवा धावकों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक राकेश प्रताप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। दौड़ पूरे चैहान गांव से शुरू होकर लालगंज चैराहा और निजामुद्दीनपुर होते हुए पुनः पूरे चैहान पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान ग्रामीणों और खेलप्रेमियों ने मार्ग पर धावकों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन समिति की ओर से खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थी। प्रतियोगिता के समापन पर विधायक राकेश प्रताप सिंह एवं युवा समाजसेवी अभिषेक प्रताप सिंह ने सयुक्त प्रथम सचिन पाल, द्वितीय शिवम चैरसिया और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले अंकुर यादव धावकों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराना और युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करना है। अभिषेक प्रताप सिंह ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें अवसर और प्रोत्साहन देने की है। ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ता है और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। आयोजक दिलीप सिंह ने कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने के लिए ऐसे आयोजन आगे भी जारी रहेंगे। इस मौके पर अजय सिंह, दिलीप सिंह, राहुल सिंह, अभय सिंह सोहराब, सतनाम, मुख्तार सहित आदि लोग उपस्थित रहे।
