अमेठीः राजीव गांधी निबंध प्रतियोगिता में 156 बच्चे सम्मानित
August 30, 2026
अमेठी। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी जी की जयंती के अवसर पर अमेठी संसदीय क्षेत्र में आयोजित राजीव गांधी निबंध प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन सांसद एवं अमेठी लोकसभा क्षेत्र के सांसद किशोरी लाल शर्मा जी की अध्यक्षता में किया गया। समारोह में प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 156 बच्चों को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रभारी वरुण चैधरी भी उपस्थित रहे। श्री चैधरी रायबरेली से अमेठी पहुंचने के दौरान माननीय सांसद श्री किशोरी लाल शर्मा जी के साथ रहे। मार्ग में नहर कोठी, फुरसतगंज, जायस, गांधीनगर एवं टोल टैक्स सहित विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।पुरस्कार वितरण समारोह में प्रतिभागी बच्चों की प्रतिभा और मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार मोनिका सरोज को प्रदान किया गया, जिन्हें सम्मान स्वरूप फ्रिज भेंट किया गया। द्वितीय पुरस्कार अंजली वर्मा को प्रदान किया गया, जिन्हें एलईडी टीवी देकर सम्मानित किया गया। वहीं तृतीय पुरस्कार मोहम्मद अरमान को प्रदान किया गया, जिन्हें वॉशिंग मशीन भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सांसद किशोरी लाल शर्मा जी ने कहा कि राजीव गांधी जी ने देश के युवाओं और बच्चों की प्रतिभा को आगे बढ़ाने तथा आधुनिक भारत के निर्माण का सपना देखा था। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य नई पीढ़ी में रचनात्मकता, ज्ञान और प्रतियोगी भावना को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने सभी प्रतिभागी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
