पीलीभीत। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में गुरुवार को जनपद में विभिन्न स्थानों पर ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के युवाओं, खिलाड़ियों और खेल प्रतिभाओं को संबोधित किया। प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण पीलीभीत में युवाओं, खिलाड़ियों और स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक देखा और सुना।
जनपद का मुख्य कार्यक्रम राजकीय डिग्री महाविद्यालय, बीसलपुर में आयोजित हुआ, जिसमें विधायक विवेक वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इसके अलावा राम लुभाई साहनी महिला महाविद्यालय, में भी प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। दोनों स्थानों पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और युवाओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में युवाओं को खेलों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन, निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास को जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने तथा भारत को खेलों के क्षेत्र में वैश्विक शक्ति बनाने के लिए युवाओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रतिभागियों का माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराया गया। साथ ही युवाओं ने विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद-2027 प्रश्नोत्तरी में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके माध्यम से युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा और विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिल सकता है।
कार्यक्रम में जनपद के प्रतिभाशाली खिलाड़ी महेश कुमार और अविनाश शर्मा को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। दोनों खिलाड़ियों ने युवाओं के साथ अपने खेल जीवन के अनुभव साझा किए और अपनी उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न खेल योजनाओं, सुविधाओं और सहयोग से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने तथा उच्च स्तर तक पहुंचने में सहायता मिल रही है।
खिलाड़ियों के अनुभव सुनकर युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह दिखाई दिया। उन्होंने युवाओं को नियमित अभ्यास, अनुशासन और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के अंत में जिला युवा अधिकारी शिवम शर्मा ने मुख्य अतिथि, महाविद्यालय प्रशासन, आमंत्रित खिलाड़ियों, स्वयंसेवकों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और सहभागिता ही विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने युवाओं से माई भारत से जुड़कर विभिन्न युवा एवं खेल गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया।
