अमेठीः सड़क दुर्घटनाओं को लेकर हुई बैठक! स्कूल वाहनों एवं बसों की हो नियमित जांच -डीएम
August 31, 2026
अमेठी। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति व जिला विद्यालय यान सुरक्षा समिति की बैठक जिलाधिकारी संजय चैहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक की शुरुआत गत बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा से हुई। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगदीशपुर एवं इन्हौना क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को संबंधित उप जिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। बैठक में जनपद के चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स, सड़क सुधार कार्यों तथा यातायात नियमों के अनुपालन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों पर साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर, रोड मार्किंग और सड़क मरम्मत के कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराए जाएं। साथ ही जहां कार्य पूर्ण हो चुके हैं, वहां भौतिक सत्यापन भी सुनिश्चित किया जाए। स्कूली वाहनों और सार्वजनिक परिवहन वाहनों की सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी स्कूल वाहनों एवं बसों की नियमित जांच की जाए तथा उनके फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया जाए। साथ ही 15 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों पर विशेष निगरानी रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सड़क सुरक्षा के दृष्टिकोण से जिलाधिकारी ने ड्रिंक एंड ड्राइव, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने तथा सीट बेल्ट का प्रयोग न करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा किए जा रहे अवैध अतिक्रमण पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे अतिक्रमण दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए तथा चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
