वेस्टइंडीज से दूसरे टेस्ट के बाद पाकिस्तानी क्रिकेटर पर लगा दो साल का बैन
August 08, 2026
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बहुत तगड़ा एक्शन लेते हुए ऑलराउंडर हमजा नजर पर 2 साल के लिए प्रतिबंध लगा दिया है. उनपर सिर्फ सस्पेंशन ही नहीं बल्कि 10 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है. PCB ने जांच में पाया कि हमजा ने वीजा के लिए आवेदन करते समय गुमराह करने वाली जानकारी दी थी.
27 वर्षीय हमजा नजर घरेलू क्रिकेट में लगातार दमदार प्रदर्शन कर रहे थे. वो दायें हाथ से ऑफ-स्पिन गेंदबाजी करते हैं और जरूरत पड़ने पर ठीकठाक बल्लेबाजी करना भी जानते हैं. फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में उनके नाम एक शतक भी है. इसी दमदार प्रदर्शन के बलबूते उन्हें वेस्टइंडीज दौरे के लिए पाकिस्तान स्क्वाड में चुने जाने की संभावना थी, लेकिन वीजा संबंधी विवाद के चलते उन्हें नहीं चुना गया. पाकिस्तान और वेस्टइंडीज की टेस्ट सीरीज 1-1 से बराबर रही.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अनुसार हमजा नजर ने वीजा आवेदन के समय अधूरी सही और पूरी जानकारी नहीं दी थी. बोर्ड ने बताया कि हमजा ने कई जरूरी बातें नहीं बताईं और गुमराह करने वाली अस्पष्ट जानकारी दी थी. इस मामले की जांच के लिए 3 सदस्यीय समिति का गठन किया गया था, वहीं हमजा को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया था.
जांच समिति ने बोर्ड को जांच रिपोर्ट सौंपी, उसका रिव्यू करते हुए PCB ने हमजा नजर पर 2 साल का बैन और साथ में 10 लाख रुपये का जुर्माना लगा है. बोर्ड ने कहा कि ऐसी हरकतें उन मूल्यों के खिलाफ होती हैं, जिनका पाकिस्तानी खिलाड़ी पालन करते हैं. इसलिए इसे ईमानदारी, प्रोफेशनलिजम और गुमराह करने की कोशिश के रूप में देखा गया और बोर्ड ऐसे मामलों को बहुत गंभीरता से लेता है.
हमजा नजर को अंतर्राष्ट्रीय और घरेलू, दोनों तरह के क्रिकेट से प्रतिबंधित कर दिया गया है. वो क्रिकेट से जुड़ी किसी भी गतिविधि में हिस्सा नहीं ले पाएंगे.
हमजा नजर ने अब तक अपने 16 मैचों के फर्स्ट-क्लास करियर में 748 रन बनाने के अलावा 26 विकेट भी लिए हैं. फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में उनके नाम एक शतक और 5 फिफ्टी भी हैं. वहीं 15 लिस्ट-ए मैचों में 18 विकेट लिए हैं और 192 रन बनाए हैं. टी20 में उन्हें अधिक सफलता नहीं मिली है, जहां वो 10 मैचों में सिर्फ 3 विकेट ले पाए हैं.
