Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

प्रतापगढः डीएम ने सराय बहेलिया घटनास्थल पर पहुंचकर जाना पीड़ितों का हाल, लेखपाल को किया निलंबित


प्रतापगढ़। जिले में सोमवार को तहसील सदर क्षेत्र के सराय बहेलिया गांव के हनुमान का पुरवा में देर रात बारिश के दौरान जर्जर कच्ची मिट्टी की दीवार अचानक गिर गई। हादसे में एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। आसपास के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए रात में ही सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे में घायल सात वर्षीय बच्ची देवांशी की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार हनुमान का पुरवा निवासी रामबाबू (45) अपनी पत्नी कुसुम और दो बच्चों देवांशी व दिव्यांशु के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब तीन बजे घर के पीछे स्थित कच्ची मिट्टी की दीवार लगातार बारिश के कारण गिर गई। दीवार के मलबे की चपेट में आने से रामबाबू के पक्के मकान की पिछली बाउंड्री भी ढह गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने परिवार के सभी सदस्यों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद देवांशी की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे एसआरएन अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया जिसका ईलाज चल रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने हादसे का जायजा लेने के साथ पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हाल जाना। डीएम ने परिवार को आपदा राहत से 1 लाख की सरकारी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। हादसे की सूचना समय से प्रशासन तक नहीं पहुंचने और कार्य में लापरवाही बरतने के मामले को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया। उन्होंने क्षेत्रीय लेखपाल को निलंबित करने के निर्देश दिए। घटनास्थल पर उप जिलाधिकारी सदर अनुष्का शर्मा समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |