पीलीभीत। जिला संयुक्त बार एसोसिएशन पीलीभीत के सभागार में सोमवार को समाजवादी अधिवक्ता सभा पीलीभीत की ओर से स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सिविल बार एसोसिएशन बीसलपुर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं समाजवादी अधिवक्ता सभा 130 बीसलपुर के अध्यक्ष संजय दुबे एडवोकेट का अधिवक्ताओं ने माल्यार्पण कर स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला संयुक्त बार एसोसिएशन पीलीभीत के अध्यक्ष राजीव अवस्थी ने की। कार्यक्रम में समाजवादी अधिवक्ता सभा पीलीभीत के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान जिला समाजवादी अधिवक्ता सभा के अध्यक्ष जेपी शुक्ला ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय दुबे का माल्यार्पण कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि संजय दुबे की जीत अधिवक्ता समाज में समाजवादी विचारधारा के बढ़ते प्रभाव और समाजवादी पार्टी के प्रति लोगों के बढ़ते जनाधार का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि संजय दुबे ने अधिवक्ताओं के बीच अपनी सक्रियता और व्यवहार के माध्यम से जो विश्वास बनाया है, उसी का परिणाम उन्हें मिली यह जिम्मेदारी है। अधिवक्ता समाज से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।
स्वागत से अभिभूत संजय दुबे एडवोकेट ने उपस्थित अधिवक्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा, एकता और मान-सम्मान के लिए वह लगातार संघर्ष करेंगे। अधिवक्ताओं की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाना और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों एवं संस्थाओं के समक्ष मजबूती से आवाज उठाना उनकी प्राथमिकता होगी।
संजय दुबे ने कहा कि अधिवक्ता समाज न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। अधिवक्ताओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने की जरूरत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह सभी अधिवक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे। कार्यक्रम में मौजूद अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय दुबे का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। अधिवक्ताओं ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में बीसलपुर बार को मजबूती मिलेगी और अधिवक्ताओं से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।कार्यक्रम का संचालन समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ सदस्य शरद जायसवाल एवं हैदर जाफरी एडवोकेट ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम में अरुण मिश्र, शिव शर्मा एडवोकेट, आशीष कुमार, शिशिर यादव, राजीव यादव, धनपति वर्मा, हेमंत मिश्रा एडवोकेट, सुधीर मिश्रा एडवोकेट, रामानंद मिश्रा, अशोक पाठक एडवोकेट, वरिष्ठ अधिवक्ता एमएमए कादिरी, मुर्तजा अली, मुजाहिद अली, इस्तियाक हुसैन, जावेद अख्तर, दिलीप शुक्ला, संजीव शर्मा, कामिल जमील, संजय सिंह, कामरान बेग, गोविंद पांडे, रामू पांडे, अरविंद कुमार शर्मा एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
