Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बलियाः रसोइयों को अब पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा! कैशलेस चिकित्सा कार्ड पाकर खिले चेहरे


बलिया। परिषदीय और सहायता प्राप्त विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाली रसोइयों को अब गंभीर बीमारी की स्थिति में इलाज के खर्च की चिंता नहीं करनी होगी। पीएम पोषण योजना के तहत पात्र रसोइयों और उनके परिवार को पांच लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार की सुविधा देने के लिए रविवार को बलिया में चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। गंगा बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में रसोइयों को सम्मानित भी किया गया। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किए गए राज्य स्तरीय शुभारंभ का सीधा प्रसारण कार्यक्रम स्थल पर किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान और कल्याण के लिए काम कर रही है। विद्यालयों में बच्चों को समय से पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की भूमिका महत्वपूर्ण है। अब सरकार ने उनके स्वास्थ्य की चिंता करते हुए कैशलेस चिकित्सा सुविधा की शुरुआत की है।

उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारी के उपचार का खर्च गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है। ऐसे में पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा रसोइयों और उनके परिवारों के लिए आर्थिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण आधार बनेगी।

-रसोइयों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा का राज्य स्तरीय शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से किया। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में कार्यक्रम आयोजित कर मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण कराया गया। बलिया में भी रसोइयों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। इस दौरान रसोइयों में खासा उत्साह देखने को मिला।

परिवहन मंत्री ने कहा कि विद्यालयों की रसोइयां महज भोजन तैयार करने का काम नहीं करतीं, बल्कि बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की जिम्मेदारी में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चों के लिए भोजन तैयार कर उसे समय से उपलब्ध कराना उनके समर्पण और जिम्मेदारी को दर्शाता है। उनके योगदान का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली रसोइयों को सम्मानित किया गया। पात्र रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी वितरित किए गए। कार्ड मिलने के बाद रसोइयों के चेहरे पर खुशी नजर आई। उन्होंने इसे बीमारी की स्थिति में परिवार के लिए बड़ी आर्थिक राहत बताया।

योजना के तहत पात्रता के अनुसार रसोइयों के परिवार को भी चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सकेगा। गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए पांच लाख रुपये तक की कैशलेस सुविधा मिलने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को उपचार के दौरान होने वाले बड़े खर्च से राहत मिलने की उम्मीद है। वक्ताओं ने कहा कि यह पहल रसोइयों की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा के साथ उनके सम्मान को भी मजबूत करेगी।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार, एडीएम अनिल कुमार, बीएसए मनीष कुमार सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में रसोइयां मौजूद रहीं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |